भोपाल। मध्यप्रदेश के पाइतपुरा में एक जोड़े ने 50 साल लिव इन में रहने के बाद अब 80 साल की उम्र में विवाह किया है। दरअसल, 75 साल की हरिया और 80 के सुख कुशवाह ने 50 साल पहले एक दूसरे के साथ लिव इन में रहना शुरू किया था। दोनों एक दूसरे से बहुत प्यार करते थे लेकिन उस समय लव मैरिज आम बात नहीं थी। उनके परिवार वाले भी दोनों की शादी कराने के लिए तैयार नहीं थे। तो दोनों आपसी रजामंदी से एक दूसरे के साथ रहने लगे। लिव इन में रहते हुए इस जोड़े के चार बच्चे हुए। दो बेटियां और दो बेटे। यह एक खुशहाल परिवार था, इसके बावजूद हरिया और सुख खुश नहीं थे। उन्हें मन में एक बैचेनी बनी रहती थी और उसका इलाज उन्हें शादी ही समझ में आया।
अपनी उम्र के इस पड़ाव पर दोनों को लगने लगा कि हमें मृत्यु के बाद मोक्ष की प्राप्ति कैसे होगी, क्योंकि उन्होंने विधि पूर्वक विवाह तो किया ही नहीं है। हिन्दु मान्यताओं के अनुसार ऐसे जोड़े को मृत्यु के पश्चात मोक्ष नहीं मिलता है। मोक्ष की चाह में दोनों ने शादी करने का फैसला किया, जिसमें उनके परिवार ने भी उनका साथ दिया । आखिर दोनों ने बीती 30 जून 2017 को विधिविधान से शादी कर ली। दोनों के बच्चों ने इस शादी का आयोजन बड़े धूमधाम से किया और उनके पोते और पोतियों ने भी अपने दादा-दादी की शादी में जमकर डांस किया।