कोटद्वार। उत्तराखंड में चुनाव की रणभेरी बज चुकी है। सर्दी के मौसम में नेता अपने बयानों से माहौल में गर्मी पैदा कर रहे हैं। फिलहाल प्रदेश की कोटद्वार विधानसभा सीट हाॅट सीट बनी हुई है। यह सीट दोनों पार्टियों के लिए नाक की लड़ाई बनती जा रही है। कोटद्वार सीट से भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार हरक सिंह रावत खड़े हैं वहीं कांग्रेस से कैबिनेट मंत्री सुरेन्द्र सिंह नेगी उन्हें चुनौती दे रहे हैं। सीट की प्रतिष्ठा का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि दोनों नेता एक दूसरे को राजनीतिक पेंशन दिलाने की बात कर रहे हैं।
शह और मात का खेल जारी
गौरतलब है कि उत्तराखंड के पौड़ी जिले की कोटद्वार सीट कांग्रेस और भाजपा दोनांे के लिए प्रतिष्ठा का सवाल बन गई है। आपको बता दें कि कोटद्वार सीट पर भाजपा के हरक सिंह रावत कांग्रेस के सुरेन्द्र सिंह नेगी को चुनौती दे रहे हैं। हरक सिंह रावत अपने बेबाक अंदाज में कांग्रेस के खिलाफ अपनी भड़ास निकाल रहे हैं। वहीं दूसरी ओर कांग्रेस नेता और कैबिनेट मंत्री सुरेन्द्र सिंह नेगी भी अपने ही अंदाजा में हरक को सबक सिखाने की बात कर रहें हैं।
एक दूसरे पर कर रहे वार
आपको बता दें कि कोटद्वार सुरेन्द्र सिंह नेगी का घर है। ऐसे में हरक सिंह रावत ने उन्हें उनके घर में ही पटखनी देने की बात कह रहे हैं। रावत ने तो यहां तक कह दिया कि नेगी का यह आखिरी चुनाव होगा वहीं कांग्रेस के सुरेन्द्र सिंह नेगी, रावत को राजनीतिक पेंशन पर भेजने की बात कर चुके हैं।
जनता सिखाएगी सबक
हालांकि कांग्रेस के दिग्गज सुरेन्द्र सिंह नेगी हरक की इस चुनौती को ज्यादा तवज्जो नहीं दे रहे हैं। कांग्रेस प्रत्याशी सुरेन्द्र सिंह नेगी की मानें तो सीट बदल-बदल कर चुनाव लड़ने वाले हरक सिंह रावत की इस बार कोटद्वार विधानसभा में दाल गलने वाली नहीं है। उन्हें कोटद्वार की जनता ही सबक सिखाएगी।