कमल हासन का जन्म 7 नवंबर 1954 को तमिलनाडु के परमकुडी में हुआ था। उनके पिता चाहते थे कि तीन बच्चों में एक बच्चा अभिनेता बने। अपनी इसी चाहत को पूरा करने के लिए उन्होंने अभिनेता बनाने का फैसला लिया।
कमल हासन ने अपने सिने करियर की शुरूआत बतौर बाल कलाकार सन 1960 में फिल्म ''कलाथुर कनम्मा'' से की थी। फिल्म में अपने दमदार अभिनय के लिए उन्हें राष्ट्रीय पुरस्कार से भी सम्मानित किया गया।
साल 1975 में फिल्म ''अपूर्वा रंगानगल'' कमल हासन के सिने करियर की पहली हिट साबित हुई। साल 1977 में प्रदर्शित फिल्म ''16 भयानिथनिले'' की व्यावसायिक सफलता के बाद कमल हासन स्टार कलाकार बन गए।
वर्ष 1987 कमल हासन के सिने करियर का अहम साल साबित हुआ। इस साल उन्होंने एक मूक फिल्म ''पुष्पक'' में सशक्त अभिनय से दर्शकों को अचंभित कर दिया।
वर्ष 2008 में कमल हासन की फिल्म ''दशावतारम'' प्रदर्शित हुई जिसमें दर्शकों को उनके अभिनय का नया रंग देखने को मिला। इस फिल्म में उन्होंने दस अलग अलग भूमिकाएं निभाईं।
वर्ष 2012 में कमल हासन के करियर की सर्वाधिक सुपरहिट फिल्म ''विश्वरूपम'' प्रदर्शित हुई। इस फिल्म ने टिकट खिड़की पर 250 करोड़ रूपए से अधिक की कमाई की है।