नई दिल्ली। अपनी सेहत का ख्याल तो सभी रखते हैं। इसके लिए खाने में फलों और सब्जियों का इस्तेमाल भी करते हैं। फलों और सब्जियों का उपयोग करते हुए हम काफी सावधानियां बरतते हैं। शरीर में कुछ गंदगी न जाए इसके लिए हम उसके छिलके तक उतार देते हैं। शायद हमें पता नहीं है कि छिलके फलों और सब्जियों से ज्यादा फायदेमंद हैं। आइए हम आपको इसके बारे में बताते हैं।
अगर हम सेब खाते हैं या खीरा। इनके छिलकों को भूलकर भी नहीं उतारना चाहिए। हां इसे खाने से पहले अच्छी तरह से धो जरूर लें ताकि मिट्टी और धूल शरीर के अंदर न चला जाए। सेब के छिलके में बड़ी मात्रा में घुलनशील फाइबर पाए जाते हैं। ये हमारे शरीर में खराब कोलेस्ट्राॅल और ब्लड शुगर लेवल को कम करने में मदद करता है।
यहां आपको एक बात और बता दें कि कई लोग अंगूर के छिलके उतारकर खाते हैं। इसका कारण उसमें इस्तेमाल होने वाला रसायन हो सकता है। इसके बावजूद आपको उसके छिलके को नहीं छीलने चाहिए। इसके छिलके में रेस्वेराट्रोल पाया जाता है जो हृदय के लिए काफी अच्छा माना जाता है।सब्जियों की बात करें तो बिना आलू के कोई भी सब्जी नहीं बनती है। लेकिन जब भी आलू की सब्जी बनाते समय उसका छिलका उतार दिया जाता है। आपको पता है कि आलू के छिलके में आलू से कहीं ज्यादा आयरन, फाइबर और फोलेट पाया जाता है। इसके साथ ही इसमें 5 से 10 गुना ज्यादा एंटीऑसीडेंट भी होता है।
इसी तरह की बात खीरे के साथ भी है। अगर आप खीरे को छिलके के साथ खाते हैं तो कैल्शियम, फास्फोरस, मैग्नीशियम, पोटेशियम, विटामिन ए और अन्य विटामिन मिलता है।