हैदराबाद । हैदराबाद पुलिस ने बुधवार सुबह एक और 'विवाह रैकेट' का भंडाफोड़ किया। इसके साथ ही पुलिस ने धोखाधड़ी के आरोप में सऊदी अरब, ओमान और कतर के आठ शेखों, चार मुस्लिम मौलवियों के साथ 17 लोगों को गिरफ्तार किया है। ये शातिर गिरोह शादी के नाम पर नाबालिग लड़कियों को धोखा देता था। इस रैकेट में पुलिस ने ओल्ड सिटी के चार लॉज मालिकों और पांच ब्रोकरों को भी गिरफ्तार किया था। पुलिस के मुताबिक, अरब शेखों ने दो नाबालिग लड़कियों फलकनुमा और चंद्रयान गुट्टा से अनुबंध के आधार पर शादी की थी।
बता दें कि हैदराबाद पुलिस ने कई ऐसे विवाह रैकेट का पर्दाफाश किया है, जो कथित रूप से लड़की के माता-पिता को पैसे देकर उनसे अनुबंध के आधार पर शादी करने के लिए प्रेरित करते थे। इसी क्रम में बुधवार को पुलिस ने 17 लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें कई शेख, मुस्लिम मौलवी और लॉंज मालिक समेत ब्रोकर शामिल हैं। ये सभी लोग इस गिरोह के सदस्य के रूप में शिकार को फंसाने और फर्जी शादी के काम को अंजाम देते थे।
इससे पहले, मुंबई के मुख्य काजी फरीद अहमद खान को सोमवार दोपहर जांच के बाद पुलिस ने हिरासत में लिया था। जांच में सामने आया कि वह नाबालिग लड़की के लिए शादी का प्रमाण पत्र प्रदान करने में शामिल था, जिसने ओमानी शेख को वीजा प्राप्त करने में मदद की।