नई दिल्ली। विश्व कीर्तिमान अपने नाम करने वाले और करीब 8 बार दुनिया की सबसे ऊंची चोटी माउंट एवरेस्ट को फतह कर चुके पेम्बा शेरपा काराकोरम की पहाड़ी से लापता हो गए हैं। बताया जा रहा है कि पेम्बा सासेर कांगड़ी की 7,672 मीटर ऊंची चोटी को फतह करने वाले पर्वतारोहियों के एक दल के साथ वापस आ रहे थे। पेम्बा शेरपा 20 जून को कोलकाता से रवाना हुए थे। दूसरे पर्वतारोहियों से मिली जानकारी के अनुसार वे वापसी के समय एक गहरी खाई में गिर गए थे। फिलहाल उनसे किसी तरह का संपर्क नहीं किया जा सका है।
ये भी पढ़ें - पंजाब में ‘आप’ को लगा जोर का झटका, 16 बड़े नेताओं ने एक साथ दिया इस्तीफा
गौरतलब है कि भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल (आईटीबीपी) के अधिकारियों के माध्यम से शुक्रवार को उनके लापता होने की जानकारी मिली थी। फिलहाल आईटीबीपी की एक टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। स्थानीय पुलिस के मताबिक आईटीबीपी की टीम रविवार से ही घटना स्थल पर मौजूद है। पेम्बा शेरपा के साथ गए पर्वतारोहियों के दल को इस बात की उम्मीद है कि वे जरूर लौटकर आएंगे।