नई दिल्ली। कर्नाटक विधानसभा में बहुमत का आंकड़ा नहीं होने की वजह से भाजपा के मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा ने इस्तीफा दे दिया है। अब 23 मई को कांग्रेस और जेडीएस गठबंधन वाली सरकार शपथ लेगी। भाजपा द्वारा बहुमत न होने के बावजूद सरकार बनाने का दावा पेश करने की वजह से हुई किरकिरी के बाद भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने सोमवार को प्रेस कांफ्रेंस की। उन्होंने कहा कि कर्नाटक की जनता ने कांग्रेस को जनादेश नहीं दिया था। कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए अमित शाह ने कहा कि उन्होंने सिर्फ भाजपा के खिलाफ झूठा प्रचार किया।
गौरतलब है कि अमित शाह ने जेडीएस पर भी हमला बोला, उन्होंने कहा कि 80 से ज्यादा जगहों पर जेडीएस के विधायकों की जमानत जब्त हो गई है। कांग्रेस ने जनादेश के खिलाफ जाकर जेडीएस का साथ दिया है। कांग्रेस पर वार करते हुए उन्होंने कहा जिस जेडीएस का कांग्रेस ने समर्थन किया है उसे उसी ने कभी जनता दल संघ कहा था।
ये भी पढ़ें - जस्टिस लोया की मौत की होगी दोबारा जांच! बाॅम्बे लाॅयर्स एसोसिएशन ने दाखिल की पुनर्विचार याचिका
यहां बता दें कि अमित शाह ने कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा कि वह अपनी हार में भी जीत खोज रही है। कर्नाटक भाजपा के कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए कहा कि कर्नाटक की जनता ने मोदी के सुशासन के आधार पर वोट दिया है। अमित शाह ने कहा कि हमने 14 राज्य कांग्रेस से छीने हैं। अमित शाह ने कांग्रेस-जेडीएस के गठबंधन को ही अपवित्र बता दिया।
कांग्रेस द्वारा इस बात का आरोप लगाने पर कि येदियुरप्पा ने बहुमत साबित करने के लिए 7 दिनों का वक्त मांगा था अमित शाह ने कहा कि येदियुरप्पा ने कभी भी 7 दिनों का समय नहीं मांगा। उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की टिप्पणियों पर टिप्पणी करने से इंकार कर दिया।