लंदन । लंदन के पारसंस ग्रीन स्थित अंडरग्राउंड मेट्रो स्टेशन में शुक्रवार सुबह 8.15 बजे जोरदार धमाका हुआ है। इस घटना में कई लोगों के चेहरे जलने की बात सामने आई है। वहीं घटना के बाद मची भगदड़ में कई लोग जख्मी हो गए हैं। खबर है कि एक महिला को गंभीर रूप से जली अवस्था मेें स्टेशन से स्टेचर पर ले जाया गया है। वहीं सूचना है कि धमाका एक सफेद रंग के डिब्बे में हुआ, जिसके बाद कई लोगों के चेहरे जल गए। हालांकि यह कोई आतंकी घटना है या नहीं इस बारे में कोई सूचना नहीं आई है।
बावजूद इसके एहतियातन इस अंडरग्राउंड मेट्रेो मार्ग को बंद कर दिया गया है। वहीं पूरे इलाके को सील कर दिया गया है। घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम समेत सुरक्षा बल पहुंच गए हैं। वहीं इस धमाके में जिन लोगों के चेहरे झुलसे हैं उन्हें इलाज के लिए निकट के अस्तपाल में ले जाया गया है। अभी इस बात का खुलासा नहीं हुआ है कि उनका चेहरा किस चीज से जला है। बताया जा रहा है कि घटना के दौरान स्टेशन पर काफी भीड़ थी।
हालांकि इस दौरान जहां ब्लास्ट के चलते लोगों के चेहरे झुलसने की बात सामने आई है, वहीं ब्लास्ट के चलते मची भगदड़ के कारण भी कई लोग चोटिल हो गए हैं। खबर ये भी आ रही है कि इस घटना में 7-8 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।