नई दिल्ली। पांचों राज्यों में हुए विधानसभा चुनावों का परिणाम मंगलवार को आने वाले हैं। शुरुआती रुझानों की बात करें तो मध्यप्रदेश और राजस्थान में कांग्रेस आगे चल रही है। मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह अपनी सीट बुधनी पर आगे चल रहे हैं। वहीं राजस्थान में सचिन पायलट, अशोक गहलोत और मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे भी अपनी-अपनी सीटों पर आगे चल रहे हैं। दूसरी तरफ छत्तीसगढ़ में भी कांग्रेस रुझानों में आगे चल रही है। खबरों के अनुसार अभी पोस्टल बैलेट की गिनती हो रही है और ईवीएम का खुलना अभी बाकी है।
गौरतलब है कि राजस्थान में पहले से ही इस बात के अनुमान लगाए जा रहे थे कि वसुंधरा राजे के शासन का अंत होगा और ट्रेंड के अनुसार एक बार फिर से कांग्रेस की सरकार वहां बनेगी। मतगणना के शुरुआती रुझानों के अनुसार राजस्थान में कांग्रेस भाजपा से काफी आगे चल रही है।
ये भी पढ़ें - आरबीआई के गवर्नर ने दिया इस्तीफा, सरकार के साथ गतिरोध बनी बड़ी वजह
यहां बता दें कि मध्यप्रदेश में भी शिवराज सिंह के 15 सालों के शासन से जनता का मूड बदलता नजर रहा है। हालांकि वहां अभी दोनों ही पार्टियों में कांटे की टक्कर दिखाई दे रही है। कुछ ऐसा ही हाल छत्तीसगढ़ में भी दिखाई दे रहा है। यहां कांग्रेस भाजपा से दोगुने सीटों पर आगे चल रही है। यहां भी मुख्यमंत्री रमण सिंह ने एक बार फिर से अपनी सरकार बनाने का दावा करते रहे हैं। बड़ी बात यह है कि अभी सिर्फ डाक मतपत्रों की गिनती हो रही है और ईवीएम अभी खुलना बाकी है। रुझानों के अनुसार छत्तीसगढ़ में बदलाव की बयार बहती नजर आ रही है।