शिमला। हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव की तारीख के ऐलान के बाद चुनावी पारा चढ़ने लगा है। भाजपा के बाद अब कांग्रेस ने भी प्रदेश के लिए अपने उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है। भाजपा की तरह कांग्रेस ने सभी 68 सीटों के लिए उम्मीदवारों के नामों का ऐलान नहीं कर सिर्फ 59 लोगों की सूची जारी की है। कांग्रेस के केन्द्रीय चुनाव समिति के अध्यक्ष आॅस्कर फर्नांडीज ने यह सूची जारी की है।
अरकी से लड़ेंगे वीरभद्र
गौरतलब है कि राज्य के मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह अरकी विधानसभा सीट और प्रदेश कांग्रेस प्रमुख सुखविंदर सिंह सुक्खू नादौन सीट से चुनाव लड़ेंगे। उम्मीदवारों की लिस्ट जारी करते हुए फर्नांडीज ने कहा कि मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह को सोलन जिले की अरकी सीट से टिकट दिया गया है। फिलहाल वे शिमला ग्रामीण क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। आपको बता दें कि हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव 2017 के लिए भाजपा ने भी अपनी लिस्ट जारी कर दी है। भाजपा नेता और पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल सुजानपुर से और अनिल शर्मा मंडी से चुनाव लड़ेंगे।
ये भी पढ़ें -दिवाली से पहले ओडिशा में मातम, बालासोर इलाके में चल रही अवैध फैक्ट्री में हुआ धमाका, 6 लोगों ...
वोटों की गिनती 18 नवंबर को
प्रदेश की एक अन्य प्रमुख नेता आशा कुमारी को डलहौजी से उतारा गया है। पार्टी ने विप्लव ठाकुर को देहरा से टिकट दिया है। बता दें कि राज्य विधानसभा की 68 सीटों के लिए 9 नवंबर को चुनाव होने हैं। चुनाव के लिए उम्मीदवार 16 अक्टूबर से 23 अक्टूबर तक अपना नामांकन कर सकते हैं और नाम वापस लेने की अंतिम तारीख 26 अक्टूबर है। चुनाव के बाद वोटों की गिनती 18 दिसंबर को होगी। आपको बता दें हिमाचल विधानसभा का कार्यकाल 7 जनवरी 2018 को खत्म हो रहा है।