नई दिल्ली । कर्नाटक में सरकार गठन के बाद से जारी माथापच्ची के बीच कांग्रेसी नेता और पर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने कहा कि कांग्रेसी विधायक आनंद सिंह को अगवा कर लिया गया है। वह केंद्र की कैद में दिल्ली में है। उन्हें ईडी के माध्यम से धमकाया जा रहा है। इस बात के कांग्रेस के पास पुख्ता सबूत है। इतना ही नहीं आनंद सिंह के साथ ही अन्य कांग्रेसी विधायकों को भी तोड़ने के प्रयास जारी है, जिनके पुख्ता सबूत हमारे पास हैं। वहीं गुलाम नबी आजाद ने कहा कि हमें पता है उन्हें किसी केंद्रीय मंत्री ने बुलाया और उसके बाद बैठा लिया। बाद में उन्हें पकड़कर भी रखा गया। हालांकि कांग्रेस के इन बयानों को भाजपा ने खारिज करते हुए कहा कि इस समय कांग्रेस बुरी तरह से बौखलाई हुई है और बेबुनियाद आरोप लगा रही है।
बता दें कि कांग्रेसी विधायक आनंद सिंह को लेकर उनकी पार्टी के वरिष्ठ नेता ही कह चुके हैं कि वह उनके संपर्क में नहीं हैं। इस सब के बीच पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने कहा कि वह केंद्र की कैद में दिल्ली में हैं। भाजपा ने ईडी के माध्यम से उनके खिलाफ जाल बुना है। वह अभी भी हमारे साथ ही हैं, एक बार वह भाजपा की कैद से मुक्त होकर हमारे पास ही आएंगे। इस समय भाजपा और केंद्र सरकार ईडी के माध्यम से हमारे विधायकों को डराने - धमकाने का काम कर रही है।
इसके साथ ही कांग्रेस के अन्य नेताओं ने भी भाजपा पर जोड़ तोड़ की राजनीति का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा के नेता डराने धमकाने की राजनीति कर रहे हैं। इतना ही नहीं मोटी रकम देकर कांग्रेसी विधायकों को खरीदने की साजिश रची जा रही है, जिसके कई पुख्त सबूत हमारे पास हैं।