नई दिल्ली। कर्नाटक में भाजपा के बीएस येदियुरप्पा ने गुरुवार को मुख्यमंत्री पद की शपथ ले ली। अब येदियुरप्पा की ताजपोशी का विरोध करने के लिए कांग्रेस के नेता विधानसभा परिसर में महात्मा गंधी की प्रतिमा के नीचे धरना प्रदर्शन पर बैठ गए हैं। वहीं दूसरी तरफ बड़ी बात यह है कि कांग्रेस के 2 विधायक लापता बताए जा रहे हैं। बता दें कि कांग्रेस ने अपने विधायकों को भाजपा की चंगुल से बचाने के लिए बंगलुरु के ईगलटन रिजाॅर्ट में ठहराया है।
गौरतलब है कि फिलहाल कांग्रेस के दो विधायक के लापता होने से उसकी मुश्किलें बढ़ सकती हैं। यहां बता दें कि येदियुरप्पा मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ग्रहण कर चुके हैं और राज्यपाल ने सदन में बहुमत साबित करने के लिए 15 दिनों का वक्त दिया है। गौर करने वाली बात है कि कांग्रेस के विधायक आनंद सिंह बुधवार से ही गायब थे और गुरुवार को प्रताप गौड़ा पाटिल के रिजाॅर्ट से लापता होने से पार्टी के अंदर खलबली मच गई है।
ये भी पढ़ें - भाजपा में अंदरूनी घमासान तेज, कीर्ति आजाद ने दिया 1 महीने का अल्टीमेटम
यहां बता दें कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने राज्यपाल के फैसले को संविधान के साथ मजाक बताया है। भाजपा राज्य में हुए विधानसभा चुनाव में 104 सीटें हासिल करके सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। वहीं चुनाव के बाद बने कांग्रेस-जद (एस) गठबंधन के 116 विधायक हैं। इस गठबंधन ने भी राज्यपाल के पास सरकार बनाने का दावा पेश किया था लेकिन देर रात चले नाटकीय घटनाक्रम के बाद राज्यपाल ने भाजपा को सरकार बनाने का न्यौता दे दिया।