न्यूजर्सीः अमेरिका में एक भारतीय महिला और उसके बेटे की कत्ल में एक नया एंगिल सामने आया है। अभी तक इसे एक और हेट क्राइम माना जा रहा था, लेकिन अब मृतक महिला एन. शशिकला की मां ने आरोप लगाया है कि यह दोनों कत्ल उसके दामाद की ही साजिश है। बता दें कि न्यू जर्सी में शुक्रवार को एक भारतीय महिला इंजीनियर और उसके बेटे की चाकुओं से गोदी हुई लाशें मिली थीं। इससे हड़कंप मच गया था। इसे हेट क्राइम के तौर पर देखा जा रहा था, लेकिन अब महिला की मां के खुलासे से दूसरी ही साजिश सामने आती दिख रही है।
पति पर दूसरी महिला से अफेयर का आरोप
शशिकला अमेरिका में लंबे समय से रह रही थीं और वहां की एक बड़ी कंपनी में इंजीनियर थीं। वह आंध्र प्रदेश की रहने वाली थी। उनकी मां ने यहां एक न्यूज एजेंसी के साथ बात करते हुए कहा है कि उनके दामाद एन. हनुमंथा राव का अफेयर किसी दूसरी महिला से चल रहा था। संभव है कि इन दोनों कत्ल के पीछे उसकी ही साजिश हो। मृतका की मां का आरोप है कि उनके दामाद ने उनकी बेटी और नाती का कत्ल कराया है।
चाकुओं से गोदा गया
घटना का खुलासा शुक्रवार को उस समय हुआ जब हनुमंथा राव अपने घर पहुंचे और पत्नी शशिकला व बेट अनीश को खून से लथपथ पाया। उन्होंने पुलिस को सूचना दी और अमेरिकी पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी। अमेरिकी पुलिस के मुताबिक महिला व बेटे को कई बार चाकू से गोदा गया था।
अमेरिका में यह तीसरी बड़ी घटना
भारतीयों के साथ अमेरिका में यह तीसरी बड़ी घटना है। इसके पहले एक भारतीय की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी, जबकि एक और भारतीय को उनके घर के बाहर गोली मार दी गई थी। यह दोनों ही हेट क्राइम माने गए।