बेगुसराय। बिहार के बेगूसराय जिले में कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा में स्नान के दौरान भगदड़ मचने से चार लोगों की मौत हो गई है। कई लोगों के घायल होने की खबर है। ये घटना चकिया थाना क्षेत्र के सिमरिया गंगा घाट पर हुई है। कार्तिक पूर्णिमा के स्नान के लिए बड़ी संख्या में लोग सिमरिया घाट पर गंगा में डुबकी लगाने पहुंचे थे। सुबह से ही यहां श्रद्धालुओं के आने का सिलसिला शुरू हो गया था। भीड़ अत्यधिक होने से गंगा घाट पर व्यवस्था चरमरा गई। लोगों में गंगा में डुबकी लगाने की होड़ मची थी। सभी कोई सबसे पहले गंगा में डुबकी लगा लेना चाहता था। सभ को मूहुरत की चिंता थी। इसी आपाधापी में वहां भगदड़ मच गई। इसमें भीड़ में कुचलकर चार लोगों की जान चली गई। कई लोग घायल भी हुए हैं। घायलों को आस पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
लेकिन सवाल उठता है कि हर साल यहां कार्तिक पूर्णिमा के दिन मेला लगता है। गंगा में नहाने के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटती है। सिमरिया घाट पर गंगा में स्नान करने के लिए लोग दूर दूर से आते हैं। ऐसे में आखिर वहां किस तरह के इंतजाम किए गए कि ये हादसा हो गया। क्या जिला प्रशासन ने वहां किसी तरह के इंतजाम नहीं किए थे। अगर इंतजाम किए गए थे तो फिर ये हादसा कैसे हुआ। ये कुछ ऐसे सवाल हैं जिनके जवाब शायह ही मिल पाएं।
आपको बता दें कि आज कार्तिक पूर्णिमा का स्नान है। देश भर में लोग गंगा घाटों पर पहुंच रहे हैं और डुबकी लगा रहे हैं। आज के दिन गंगा में स्नान का विशेष महत्व होता है। आज गंगा में स्नान करने के बाद पूजा पाठ से मां लक्ष्मी की कृपा बनी रहती है।