नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश के बाद असम से भाजपा के नेता और केंद्रीय मंत्री पर एक 24 साल की महिला ने यौन शोषण का आरोप लगाया है। महिला के द्वारा मंत्री पर बलात्कार और धमकाने की शिकायत के बाद रेल राज्य मंत्री राजेन गोहेन के खिलाफ मामला दर्ज किया है। असम में नगांव पुलिस थाना के उपाधीक्षक ने कहा कि 2 अगस्त को मंत्री के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
गौरतलब है कि पुलिस ने फिलहाल ज्यादा जानकारी देने से इंकार कर दिया है। उन्होंने कहा कि भारतीय दंड संहिता की धारा 417(धोखाधड़ी), 376 (बलात्कार) और 506 (आपराधिक धमकी) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस का ये भी कहना कि महिला ने मेडिकल जांच से इंकार दिया है। यहां बता दें कि पुलिस के अनुसार घटना करीब 8 महीने पुरानी है। मंत्री गोहेन और महिला दोनों एक दूसरे को पहले से जानते थे और वे कई बार उस महिला के घर भी जाते थे। यहां बता दें कि इससे पहले उत्तरप्रदेश में भाजपा विधायक कुलदीप सिंह सेंगर पर भी उन्नाव की एक महिला से गैंगरेप का आरोप लगाया है। फिलहाल वे जेल में हैं।
ये भी पढ़ें - यूपी में हुआ एक और बड़ा हादसा, बस्ती में निर्माणाधीन फ्लाईओवर गिरा, मलबे में 1 व्यक्ति दबा 4 घायल
यहां बता दें कि महिला ने आरोप लगाया कि मंत्री ने इस अपराध को उस समय अंजाम दिया जब उसके पति और घरवाले मौजूद नहीं थे। यह पूछे जाने पर कि क्या गोहेन की गिरफ्तारी हो सकती है, पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘हम अब जांच कर रहे हैं। अगर जरूरत पड़ी तो जांच पूरी होने के बाद ही गिरफ्तारी होगी।’’