लखनऊ। राष्ट्रीय लोकतांत्रिक गठबंधन (राजग) से सहयोगी पार्टियों की नाराजगी कम नहीं हो रही है। बिहार में राष्ट्रीय लोक समता पार्टी के उपेन्द्र कुशवाहा सीटों के बंटवारे पर अनदेखी के चलते गठबंधन से अलग हो चुके हैं। अब उत्तरप्रदेश की छोटी पार्टी अपना दल ने भी यूपी भाजपा पर अनदेखी का आरोप लगाया है। यूपी में पार्टी के अध्यक्ष आशीष पटेल ने कहा कि उनकी नेता अनुप्रिया पटेल केंद्र में स्वास्थ्य राज्य मंत्री हैं लेकिन राज्य में अस्पताल के शिलान्यास का निमंत्रण तक नहीं दिया गया। ताजा जानकारी के अनुसार अनुप्रिया पटेल यूपी में अपना कार्यक्रम रद्द कर दिल्ली वापस लौट आई हैं।
गौरतलब है कि एनडीए के सहयोगी पार्टी की नाराजगी लगातार बढ़ती जा रही है। कुछ ही समय पहले केंद्र में मनाव संसाधन राज्य मंत्री रहे राष्ट्रीय लोक समता पार्टी के नेता उपेन्द्र कुशवाहा ने बिहार में सीटों के बंटवारे को लेकर अपनी पार्टी की अनदेखी के चलते गठबंधन से अलग हो गए थे। इसके बार रामविलास पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी ने भी सीटों के बंटवारे को लेकर भाजपा पर काफी दवाब बनाया। पार्टी की संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष चिराग पासवान ने ट्वीट कर कहा था कि अगर समय रहते इसके बारे में फैसला नहीं किया तो नुकसान हो सकता है। इसके बाद लोजपा की नाराजगी के कयास लगाए जा रहे थे।
ये भी पढ़ें - दिल्ली के कपड़ा कारोबारी ने बैंक को लगाया 20 करोड़ का चूना, सीबीआई ने दर्ज किया मुकदमा
यहां बता दें कि अब यूपी की छोटी पार्टी अपना दल ने भी प्रदेश में अपनी अनदेखी होने का आरोप लगाया है। पार्टी के यूपी अध्यक्ष आशीष पटेल ने कहा कि उनकी पार्टी को राज्य में जो सम्मान मिलना चाहिए वह नहीं मिल रहा है। पटेल ने सपा और बसपा गठबंधन की तारीफ भी की। पटेल ने प्रदेश सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि यहां एक अस्पताल का शिलान्यास होना था लेकिन उनकी नेता अनुप्रिया पटेल को निमंत्रण तक नहीं दिया गया जबकि वे केन्द्र में स्वास्थ्य राज्य मंत्री हैं।