नई दिल्ली। हाल ही में नक्सल उग्रवादियों द्वारा पीएम की हत्या की साजिश रचने के मामले में 5 लोगों को गिरफ्तार किया था। अब इसी सिलसिले में मुंबई से पुलिस ने एक ऐसे शख्स को गिरफ्तार किया है जिस पर पीएम के ऊपर रासायनिक हथियार से हमला करने आरोप है। बताया जा रहा है कि पुलिस की पूछताछ में काशीनाथ मंडल नाम के इस युवक ने कई खुलासे किए हैं। काशीनाथ मंडल ने राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (एनएसजी) के नियंत्रण कक्ष में फोन कर पीएम मोदी पर रासायनिक हमले की धमकी दी थी।
गौरतलब है कि पुलिस से इस युवक को मुंबई से सूरत भागने के दौरान स्टेशन से गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि काशीनाथ मंडल मूल रूप से झारखंड का रहने वाला है और मुंबई में वह सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करता था। उसने किसी भी तरह से नई दिल्ली स्थित एनएसजी नियंत्रण कक्ष का नंबर हासिल किया और शुक्रवार को फोन कर पीएम मोदी पर रासायनिक हमले की धमकी दी।
ये भी पढ़ें - भाजपा के एक और नेता पर लगा गैंगरेप का आरोप, जांच में जुटी मेरठ पुलिस
यहां बता दें कि इस फोन काॅल के बाद से ही एनएसजी के जवान सतर्क हो गए और नंबर को ट्रेस करने के बाद मुंबई पुलिस को इसकी जानकारी दी। सूचना के आधार पर मुंबई पुलिस ने काशीनाथ मंडल को मुंबई सेंट्रल रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि वो सूरत जाने वाली एक ट्रेन में चढ़कर भागने की फिराक में था।
मुंबई पुलिस की पूछताछ में काशीनाथ ने बताया कि झारखंड के एक नकस्ली हमले में उसका दोस्त मारा गया था, वह इस सिलसिले में पीएम से मिलना चाह रहा था इसी वजह से उसने यह रास्ता अपनाया। फिलहाल आरोपी युवक पुलिस हिरासत में है। उसके खिलाफ आईपीसी की धारा 505(1) और (2) और धारा 182 के तहत मामला दर्ज किया गया है।