नई दिल्ली। कर्नाटक विधानसभा में भाजपा की हार के बाद दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने पत्रकारों से बात करते हुए भाजपा पर जमकर हमला बोला। राहुल गांधी ने शुरुआत ही इस बात से की, कि भाजपा के विधायक और नेता सदन में राष्ट्रगान से पहले ही बाहर निकल गए, यह उनके चरित्र को दिखाता है। कांग्रेस की जनता और नेताओं को बधाई देते हुए राहुल गांधी ने कहा कि ताकत और पैसा ही सबकुछ नहीं होता है। भाजपा ने लोकतंत्र की मर्यादा को गिराने की कोशिश की है। राहुल गांधी ने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा उन्होंने गोवा, मणिपुर और मेघायल में जनतंत्र का अपमान किया है।
ये भी पढ़ें - पाकिस्तान में प्रेस की आजादी पर हमला, नवाज शरीफ के कबूलनामे के बाद ‘द डाॅन’ के वितरण पर लगी रोक
गौरतलब है कि कांग्रेस अध्यक्ष ने कर्नाटक कांग्रेस और जेडीएस के सभी नेताओं को बधाई देते हुए कहा कि पूरा विपक्ष मिलकर भाजपा को रोकेगी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर आरोप लगाते हुए राहुल गांधी ने कहा कि वे खुद भ्रष्टाचार को बढ़ावा दे रहे हैं। एक सवाल के जवाब में राहुल गांधी ने कहा कि पीएम देश के किसी भी संस्थान से बड़े नहीं हैं लेकिन वे इस बात को मानने के लिए तैयार नहीं हैं। राहुल ने कहा कि कांग्रेस ने कर्नाटक की जनता की आवाज की रक्षा की है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने जनादेश का अपमान किया है। भाजपा पर आरोप लगाते हुए राहुल ने कहा कि हम पूरे विपक्ष के साथ मिलकर भाजपा और आरएसएस को रोकेंगे।