नई दिल्ली। बिहार के बड़े नेता और राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद के करीबी रहे रघुनाथ झा का दिल्ली के राम मनोहर लोहिया अस्पताल में निधन हो गया। वे 78 साल के थे। रघुनाथ बिहार के शिवहर इलाके से 6 बार विधायक और 2 बार बेतिया और गोपालगंज से सांसद रहे। ये मनमोहन सिंह के नेतृत्व वाली सरकार में भारी उद्योग राज्य मंत्री भी रहे थे। रघुनाथ झा मूल रूप से शिवहर के ही रहने वाले थे और वे करीब 37 सालों से राजनीति में थे। लालू के राज में वे बिहार सरकार में डेढ़ दर्जन से अधिक विभागों के मंत्री रहे। इसके अलावा वे केन्द्र में प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की सरकार ने भारी उद्योग राज्य मंत्री रहे।
जनता दल के पहले प्रदेश अध्यक्ष
गौरतलब है कि स्व. झा जनता दल बनने के बाद उसके पहले प्रदेश अध्यक्ष रहने के साथ सजपा ओर समता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भी रहे थे। साथ ही जनता विधानमंडल दल के नेता और जनता दल और समता पार्टी दल के मुख्य सचेतक भी रहे थे। उन्होंने 1990 में मुख्यमंत्री पद का चुनाव भी लड़ा था तथा लालू प्रसाद को मुख्यमंत्री बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। शिवहर जिला के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। स्व. झा अपने पिछे एक पुत्र और पुत्री सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं।
ये भी पढ़ें - हवाई यात्रा करने वालों को एयर एशिया ने दिया बड़ा तोहफा, मात्र 99 रुपये में करें यात्रा