नई दिल्ली। बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता और पूर्व उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने शनिवार को नीतीश सरकार पर चूहों को लेकर कटाक्ष किया है। दरअसल 2017 में बिहार के जल संसाधन मंत्री ललन सिंह ने तटबंध टूटने के लिए चूहों को जिम्मेदार बताया था। वहीं पटना के एक थाने से जब्त शराब के गायब होने पर भी चूहों को कोसा गया था। तेजस्वी यादव ने टूट रहे तटबंधों पर नीतीश कुमार से सवाल किया है कि इसके लिए कौन जिम्मेदार है।
तेजस्वी ने ट्वीट करके कहा कि 1 हजार करोड़ रुपये के बांध टूट चुके हैं। करोड़ों रुपये की जब्त शराब गायब हो गई, करोड़ों की दवा गयाब हो गई। नीतीश के कुशासन राज में भ्रष्टाचार के दोषी चूहे ही होंगे लेकिन चूहे भी इनके झूठे आरोपों से परेशान होकर पलायन कर रहे हैं। अब नीतीश कुमार किसे दोषी ठहराएंगे। शुक्रवार को किए गए ट्वीट में तेजस्वी ने नीतीश कुमार के बहाने गिरिराज सिंह पर भी निशाना साधा था। यादव ने कहा था कि अमित शाह के साथ डिनर के बाद नीतीश पसंदीदा साथी गिरिराज सिंह के साथ भ्रष्टाचार को दबाने में जुट गए।