नई दिल्ली। गुजरात के अमरेली राजुला में देर रात एक बड़ा हादसा हो गया है। खबरों के अनुसार भावनगर-सोमनाथ राजमार्ग पर जा रहा ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर पुल से नीचे गिर गया। इस हादसे में 7 लोगों की मौत हो गई और 24 लोग घायल हुए हैं। पुलिस के अनुसार मौत का आंकड़ा और भी बढ़ सकता है। हादसे में घायल हुए लोगों को इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों में से कुछ ही हालत गंभीर बनी हुई है।
गौरतलब है कि हादसे की खबर मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने राहत बचाव कार्य चलाया और हादसे में जान गंवाने वाले लोगों की पहचान कर रही है। यहां बता दें कि पिछले दिनों सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय की एक रिपोर्ट में बताया गया था कि हाईवे पर होने वाली दुर्घटनाएं पहले के मुकाबले ज्यादा जानलेवा साबित हो रही है। सड़कों पर बढ़ती ट्रैफिक की वजह से देश में रोजाना लगभग 400 लोग सड़क दुर्घटनाओं में अपनी जान गंवाते हैं।
ये भी पढ़ें- जम्मू कश्मीर में शांति बहाली के लिए जेटली ने सुझाए उपाय, कहा- फिदायीन के साथ सत्याग्रह से नही...
रिपोर्ट के मुताबिक देशभर में साल 2015 में 5 लाख एक हजार 423 सड़क दुर्घटनाएं हुईं, जिनमें एक लाख 46 हजार 133 लोगों की जान गई। वहीं 2016 में चार लाख 80 हजार 652 सड़क दुर्घटनाएं हुईं जिनमें एक लाख 50 हजार 785 लोगों की जान गई। अगर इन आंकड़ों पर गौर करें तो साल 2015 की तुलना में 2016 में सड़क दुर्घटनाओं की संख्या में 4 फीसदी की कमी तो आई लेकिन मरने वालों के आंकड़े में 3 फीसदी बढ़ोतरी दर्ज की गई।