जयपुर। राजस्थान में चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी को एक बड़ा झटका लग सकता है। बाड़मेर से भाजपा के विधायक मानवेन्द्र सिंह पार्टी छोड़कर कांग्रेस में शामिल हो सकते हैं। ऐसी खबरें हैं कि मानवेन्द्र 13 अक्टूबर को राहुल गांधी की किसी बड़ी रैली में शामिल होकर अपने समर्थकों के साथ कांग्रेस का दामन थाम सकते हैं। बताया जा रहा है कि पूर्व विदेश मंत्री जसवंत सिंह के बेटे ने पिछले महीने की भाजपा छोड़ने का ऐलान कर दिया था। अगर ऐसा होता है कि भाजपा को बड़ी संख्या में राजपूत वोटों का नुकसान हो सकता है।
गौरतलब है कि मानवेन्द्र सिंह के कांग्रेस में शामिल होने से पश्चिमी राजस्थान की राजनीति में बड़ा बदलाव आ सकता है। ऐसा माना जाता है कि इस इलाके में राजपूत परंपरागत रूप से भाजपा के मतदाता रहे हैं। मानवेन्द्र के कांग्रेस में शामिल होने से राजपूत वोटर बड़ी संख्या में कांग्रेस से जुड़ सकते हैं।
ये भी पढ़ें - बैंकों की खस्ताहाली और कर्ज लेकर देश से भागने वालों के लिए यूपीए जिम्मेदार- निर्मला सीतारमण
आपको बता दें कि मानवेन्द्र सिंह ने भाजपा छोड़ने का ऐलान तो पहले ही कर दिया है लेकिन वे पार्टी के साथ दिल्ली या जयपुर कहां जुड़ेंगे इसके बारे में कुछ नहीं कहा गया है। इस बात की भी संभावना जताई जा रही है कि विधानसभा चुनाव में मानवेंद्र सिंह की पत्नी चित्रा सिंह कांग्रेस के टिकट पर लड़ सकती हैं।
गौर करने वाली बात है कि मानवेंद्र सिंह फिलहाल बाड़मेर के शिव विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के विधायक हैं। उनके पिता जसवंत सिंह भाजपा के संस्थापक सदस्यों में से रहे हैं और बाड़मेर लोकसभा सीट से चुनाव जीतते रहे हैं। पिछली लोकसभा में उन्हें पार्टी की ओर से टिकट नहीं दिया गया था जिसके बाद वे निर्दलीय चुनाव लड़े और हार गए थे।