मुंबई। महाराष्ट्र पुलिस ने राज्य में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों और जुर्माना न भरने वालों की सूची जारी की है। बड़ी बात है कि इस सूची में सूबे के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फड़णवीस का नाम भी शामिल है। यही नहीं परिवहन मंत्री ने भी नियमों का उल्लंघन किया है। मुंबई यातायात पुलिस ने अब नियमों का उल्लंघन करने वालों को ई-चालान भेजने की व्यवस्था शुरू की है।
गौरतलब है कि महाराष्ट्र में यातायात पुलिस ने ई-चालान भेजने के दौरान पाया कि करीब 119 करोड़ रुपये के चालान की वसूली नहीं हो पाई है। इसमें कई रसूखदार लोगों के नाम भी शामिल हैं जिन्होंने चालान होने के बावजूद जुर्माने की रकम नहीं जमा की। सबसे बड़ी बात तो यह है कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों में मुंबई के रईसजादों के साथ मुख्यमंत्री देवेन्द्र फड़णवीस और परिवहन मंत्री का नाम भी शामिल है।
ये भी पढ़ें - केरल में भारी बारिश से 324 लोगों की मौत, यूएई ने बढ़ाया मदद का हाथ
यहां बता दें कि परिवहन मंत्री दिवाकर रावते के अलावा महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के अध्यक्ष राज ठाकरे और युवासेना के प्रमुख आदित्य ठाकरे का नाम भी शामिल है। बताया जा रहा है कि देवेन्द्र फड़णवीस 2 गाड़ियों का उपयोग करते हैं। उनकी दोनों गाड़ियों ने जनवरी 2018 से अगस्त 2018 तक 13 यातायात नियमों का उल्लंघन किया है। उन पर कुल मिलाकर 13 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है। इसके अलावा राज्य के परिवहन मंत्री रावते पर भी एक हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है।