चंडीगढ़। पंजाब के अमृतसर में देर रात एक बड़ा हादसा हो गया। जीटी रोड पर निर्माणाधीन ओवरब्रिज के गिरने से गिरने से इसमें एक कार और कई मजदूर दब गए। अब तक करीब 11 लोगों को मलबे के नीचे से निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि निर्माण करने वाली कंपनी की लापरवाही और भारी बारिश की वजह से से यह हादसा हुआ है। खबरों के अनुसार ओवरब्रिज के गिरने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
गौरतलब है कि जीटी रोड पर श्री गुरुरामदास जी डेंटल कालेज के सामने बीआरटीएस प्रोजेक्ट के तहत बन रहे ओवरब्रिज पर बस शैल्टर बनाने का काम चल रहा था। सोमवार की शाम को ही इसका लैंटर डाला गया था लेकिन देर रात यह भरभरा कर नीचे गिर गया। इससे निर्माण करने वाली कंपनी पर भी सवाल खड़ा हो गया। बताया जा रहा है कि काम कर रहे मजदूर कुछ समझ पाते इससे पहले ही ओवरब्रिज के हिस्से के साथ नीचे आ गिरे।
ये भी पढ़ें - उत्तर भारत पर मानसून का कहर जारी, अब तक 27 लोगों की हुई मौत
यहां बता दें कि ओवरब्रिज का हिस्सा गिरते ही स्थानीय लोगों ने फौरन राहत और बचाव का कार्य शुरू कर दिया। लोगों ने मलबे में दबे कार सवार को हरदीप सिंह, उसकी बेटी और ड्राइवर को निकाला उसके बाद पुलिस को इसकी जानकारी दी गई। घायल मजदूरों में झारखंड के जगन्नाथ, भुवनेश्वर, विजय, सनिया, रितेश, दुर्गेश, चंदन और भूषण सिंह शामिल हैं। इन सभी को अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है।