नई दिल्ली। भारतीय नौसेना ने अपने सैनिक मनीष गिरी को लिंग परिवर्तन कराने पर नौकरी से निकाल दिया है। बता दें कि मनीष गिरी छुट्टियों के दौरान अपना सर्जरी करा पुरुष से महिला बन गए थे और अपना नाम साबी रख लिया था। मामले का पता लगने पर उन्हें सीनियर ने करीब 6 महीने तक आईएनएसएच कल्याणी के पुरुष वार्ड में बंदकर रखा था। नेवी ने उन्हें नियमों को तोड़ने का दोषी पाया और फिर उन्हें उनके पद से हटा दिया।
छुट्टियों में कराई सर्जरी
गौरतलब है कि नाविक मनीष गिरी साल 2010 में भारतीय नौसेना में शामिल हुआ था और बतौर मरीन इंजीनियर कार्यरत था। नौसेना ने अपने आॅर्डर में कहा है कि ‘व्यक्ति विशेष ने अपनी शर्तों पर अपना सेक्स चेंज करवाने का विकल्प अपनाया।’ नेवी ने यह भी कहा है ‘छुट्टी के दौरान सेक्स चेंज करवाने पर उन्हें उनकी सेवाओं से हटाया जाता है।’ साबी की उम्र 25 वर्ष है और 2016 में उसने नई दिल्ली के निजी अस्पताल में अपनी सर्जरी कराई थी। नौसेना को जब इस बात का पता चला तो मनीष को ‘सर्विस नो लाॅन्गर रिक्वायर्ड’(एसएनएलआर) जारी कर नौकरी से हटा दिया गया।
ये भी पढ़ें - लड़कियों से ज्यादा लड़कों की हो रही 'कच्ची उम्र' में शादी, सर्वे में हुआ खुलासा
डाॅक्टरों से किया अनुरोध
आपको बता दें कि सैक्स चेंज कराने के बाद मनीष ने बताया कि उसने अपनी पोस्टिंग के दौरान नेवी के डाॅक्टरों से कई बार सर्जरी का अनुरोध किया था लेकिन किसी ने नहीं सुनी। साबी के अनुसार जब उनके सीनियर्स को उनकी सर्जरी के बारे में पता लगा तो उन्हें छह महीने तक आईएनएसएच कल्याणी में पुरुषों के वार्ड में बंदकर रखा गया था। साबी एक मरीन इंजीनियर हैं साल 2010 में वह नेवी में शामिल हुई थीं।