नई दिल्ली। शनिधाम के संस्थापक महामंडलेक्ष्वर शनिधाम परमहंस दाती महाराज पर यौन शोषण के आरोप लगाए गए हैं। दिल्ली पुलिस ने दाती महाराज के खिलाफ दुष्कर्म के आरोप में धारा 376, 377, 354 और 34 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। जानकारी के मुताबिक दाती महाराज पर उनकी ही एक शिष्या ने यौन शोषण का अरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत पर दिल्ली पुलिस ने सोमवार को दुष्कर्म का मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल दिल्ली पुलिस इस मामले की जांच में जुट गई है।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने दाती महाराज के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने के साथ उन पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। यह पीड़िता भी कोई और नहीं बल्कि उन्हीं की एक शिष्या है। अपनी शिकायत में पीड़िता ने बताया कि दाती महाराज ने 2 साल पहले उसके साथ मंदिर के अंदर ही रेप की वारदात को अंजाम दिया था। इस घिनोनी वारदात को अंजाम देने के बाद उन्होंने पीड़िता को धमकाया भी था। उसे इस बारे में किसी को भी जानकारी देने पर जान से मारने की धमकी दी गई थी। पिछले कुछ समय में उसने इस धमकी के डर से घटना के बारे में किसी को कोई जानकारी नहीं दी।
ये भी पढ़े - राहुल गांधी OBC सम्मेलन में बोले- देश में जो काम करता है पिछले कमरे में छिपा रहता है, यहां का...
वहीं इस पूरे घटनाक्रम पर पीड़िता के पिता ने बताया कि दो साल पहले उन्होंने अपनी बेटी को दाती महाराज के संरक्षण में आश्रम में ही छोड दिया था। इस दौरान इस कथित महाराज ने बेटी के साथ दुराचार किया।
बहरहाल, पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज करने के बाद अब मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस पीड़िता के बयान दर्ज कराने की प्रक्रिया में जुट गई है।