चंडीगढ़। हरियाणा में भले ही भाजपा का बेटी बचाओं अभियान जोरो शोरों पर चल रहा है लेकिन पार्टी के नेता शायद अपने बच्चों को इस बात की सीख नहीं दे रहे हैं। हरियाणा भाजपा के अध्यक्ष सुभाष बराला के बेटे विकास बराला को शनिवार दोपहर पुलिस ने युवती से छेड़छाड़ के आरोप में गिरफ्तार किया है। खबर है कि पीड़ित युवती ने चंड़ीगढ़ पुलिस में राज्य के भाजपा अध्यक्ष के बेटे पर गंभीर आरोप लगाए थे, जिसके बाद चंडीगढ़ पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार किया। हालांकि बाद में उसे जमानत पर छोड़ भी दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, चंडीगढ़ सेक्टर 26 पुलिस थाने में राज्य के भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुभाष बराला के बेटे विकास के खिलाफ युवती से छेड़छाड़ करने और शराब पीकर गाड़ी चलाने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। घटना शुक्रवार देर रात की है। आरोपों के अनुसार, पीड़ित युवती के ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है कि शुक्रवार रात करीब 12.30 बजे विकास और उसके एक दोस्त ने उसकी गाड़ी का पीछा किया। ऐसे में युवती ने अपनी गाड़ी को रास्ते में रोकते हुए पहले गाड़ी को लॉक किया और फिर पुलिस को फोन कर दिया। युवती ने बताया कि आरोपी अपने एक दोस्त के साथ गाड़ी में थे, जिसका नंबर 1008 था। युवती की इस शिकायत के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इनका रात में ही मेडिकल करवाया गया, जिसमें दोनों के शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई है। इसके बाद पुलिस ने शनिवार सुबह आरोपी युवती को बुलाया, जिसकी लिखित शिकायत के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
बताया जा रहा है कि उक्त युवती एक वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी की बेटी है, जिसके चलते स्थानीय पुलिस प्रशासन ने इस मामले में तेजी दिखाते हुए आरोपियों के खिलाफ तेजी में कार्रवाई की है। बता दें कि विकास बराला एलएलबी का छात्र है और उसके साथ गिरफ्तार हुआ दोस्त एलएलबी पास कर चुका है।