रांची। झारखंड की राजधानी रांची में दिल्ली के बुराड़ी कांड को दोहराया गया है। बताया जा रहा है कि यहां एक ही परिवार के 7 लोगों ने एक साथ आत्महत्या कर ली है। झारखंड पुलिस फिलहाल मामले की जांच-पड़ताल में जुटी है। बताया जा रहा है कि रांची के कांके में रहने वाले दीपक झा के परिवार के 7 लोगों ने कर्ज के तनाव की वजह से एक साथ आत्महत्या कर ली। इससे पहले हजारीबाग में भी ऐसी घटना सामने आई थी।
गौरतलब है कि दीपक झा एक दवाई की कंपनी में काम करते थे और उनके पिता रेलवे में कार्यरत थे। बताया जा रहा है कि दीपक झा के मकान मालिक ने इस घटना के बाद पुलिस को जानकारी दी। मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल कमरे के अंदर किसी भी जाने से मना कर दिया गया है। फाॅरेंसिक विशेषज्ञ जांच कर रहे हैं। आत्महत्या करने वालों में दीपक झा, उनकी पत्नी सोनी देवी, भाई रूपेश झा, माता, पिता, एक बेटा जंगू और बेटी दृष्टि शामिल हैं।
यहां बता दें कि इन सभी लोगों के एक साथ आत्महत्या करने के मामले पर स्थानीय लोगों ने बताया कि दीपक झा अपने बेटे की बीमारी से काफी परेशान थे और उसके इलाज के लिए काफी कर्ज लिया हुआ था। कर्ज की वजह से वह काफी परेशान रहता था, इसी वजह से उसने यह कदम उठाया है। पुलिस का कहना है कि पहली नजर में यह मामला आत्महत्या का ही लग रहा है लेकिन अभी मकान मालिक के अलावा अन्य पड़ोसियों से भी पूछताछ की जा रही है।
ये भी पढ़ें - युवक ने दी पीएम पर रासायनिक हमले की धमकी, मुंबई पुलिस ने स्टेशन से दबोचा
इससे पहले हजारीबाग में भी एक ही परिवार के 6 लोगों ने आत्महत्या कर ली थी। बता दें कि इन सभी लोगों के पास से मिले सुसाइड नोट में पैसों की तंगी की ही बात कही गई थी। बताया जा रहा है कि परिवार पर करीब 50 लाख का कर्ज था। इस मामले की भी जांच चल रही है, पुलिस ने इस मकान के कमरे को सील कर दिया है।