भोपाल। मध्यप्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर राजनीतिक सरगर्मियां भी अभी से ही तेज हो गई हैं। इसी कड़ी में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और मध्यप्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष कमलनाथ ने शिवराज सरकार पर जोरदार हमला बोला है। कमलनाथ ने कहा कि राज्य के लोग भाजपा की नीतियों से ऊब चुके हैं और वे बदलाव चाहते हैं। कांग्रेस नेता ने कहा कि भाजपा वाले पूछते हैं कि कांग्रेस का डीएनए क्या है? उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास नीति है, नीयत है संविधान है। भाजपा पर कटाक्ष करते हुए कमलनाथ ने कहा उनकी नीतियों में खोट है इस बात को हमें जनता तक पहुंचाना है।
गौरतलब है कि डीएनए शब्द बिहार के चुनाव के दौरान खूब चर्चा में रहा था। अब यह शब्द एक बार फिर से राजनीति में आ गया है। बता दें कि पीएम मोदी ने बिहार में अपने चुनाव प्रचार के दौरान पहली बार ‘डीएनए’ शब्द का इस्तेमाल किया था जिसके बाद इसे लेकर राजनीति काफी तेज हो गई थी।
ये भी पढ़ें - हाईकोर्ट ने दून के मास्टरप्लान को किया निरस्त, अधिकारियों पर लगाया 5 लाख का जुर्माना
यहां बता दें कि पिछले दिनों कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने मध्यप्रदेश में कांग्रेस की कमान कमलनाथ के हाथों में सौंपी थी। उनके अध्यक्ष बनने के बाद सूबे के कई जिलों और शहरों के अध्यक्ष भी बदले गए। अब ये सभी लोग मिलकर 15 साल पुरानी भाजपा सरकार को उखाड़ने की तैयारी में जुटे हैं।