देहरादून। दिल्ली में सत्ताधारी आम आदमी पार्टी अब उत्तराखंड में भी चुनाव लड़ेगी। उत्तराखंड में होने वाले नगर निकाय चुनाव में आम आदमी पार्टी ने राज्य के सभी 13 जिलों में अपने उम्मीदवार उतारने का फैसला लिया है। पार्टी के प्रदेश प्रभारी राकेश कुमार सिन्हा ने यह ऐलान किया। उन्होंने बताया कि नगर निकाय के चुनाव के बाद पार्टी राज्य की राजनीति में तेजी से उभरकर सामने आएगी और जनता को कांग्रेस और भाजपा का विकल्प देगी।
जनता को विकल्प
गौरतलब है कि आम आदमी पार्टी की महत्वाकांक्षा बढ़ती जा रही है। प्रदेश प्रभारी राकेश कुमार सिन्हा ने बताया कि आम आदमी पार्टी उत्तराखंड में पूरे दमखम के साथ नगर निकाय चुनावों में उतर रही है। कांग्रेस और भाजपा पर आरोप लगाते हुए सिन्हा ने कहा कि दोनों पार्टियों ने राज्य को लूटा है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी राज्य की जनता को एक नया विकल्प देने का काम करेगी।
ये भी पढ़ें - प्राथमिक शिक्षक वेतन-भत्तों की रिकवरी के आदेश से सरकार से नाराज, कोर्ट जाने की चेतावनी
बूथ लेवल की तैयारी
यहां बता दें कि ऐसी खबरें आ रहीं हैं कि पार्टी नगर निकाय चुनाव में भाजपा-कांग्रेस को कड़ी चुनौती देने को तैयार है। संगठनात्मक रूप से पार्टी हर वार्ड में बूथ अध्यक्ष और पोलिंग सेंटर प्रभारी बनाने की रणनीति पर काम कर रही है। आने वाले समय में नगर निगम सीमा विस्तार के तहत हर नवगठित वार्ड में बूथवार एजेंट बना दिए जाएंगे।