ऋषिकेश । मौजूदा दौर में चिकित्सा विज्ञान दिनों दिन लोगों को बड़ी राहत प्रदान कर रहा है। इसी क्रम में ऋषिकेश स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में हड्डी रोग विभाग के डॉक्टरों की टीम ने एक ऐसा ऑपरेशन किया, जिसके बाद उनकी जमकर सराहना की जा रही है। असल में डॉक्टरों की एक टीम ने एक चार वर्षीय बच्चे की अंगुली का ऑपरेशन कर उसे अंगूठा बनाने में सफलता प्राप्त की है। इस बच्चे की जन्म से ही चार अंगुलियां थीं, लेकिन बिना अंगूठे के कुछ कामों में उसे परेशानियों का सामना करना पड़ता था। डॉक्टरों की टीम ने दाहिने हाथ की अंगुली की सर्जरी करके अंगूठा बनाने में सफलता हासिल की।
एम्स निदेशक प्रोफेसर रवि कांत ने सर्जरी ने अपने यहां डॉक्टरों की एक टीम द्वारा इस कारनामे को अंजाम दिए जाने की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि एक बच्चा जन्म से ही चार अँगुलियां लेकर पैदा हुआ था। उसके हाथ में अंगूठा नहीं था। एम्स के अस्थि रोग विभाग के विशेषज्ञ सर्जन डॉ. विवेक सिंह ने प्रो. शोभा अरोड़ा के मार्गदर्शन में हाथ के अंगूठे से संबंधित सर्जरी करने में सफलता प्राप्त की है। इस चिकित्सकीय दल में डॉ. विवेक सिंह, डॉ. सितांशु बारिक, डॉ. सोविक पॉल, डॉ. अजय कुमार भी शामिल थे।