देहरादून। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के भाजपा मंत्रियों पर भूमाफिया से सांठगांठ के आरोप पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट ने पलटवार किया है। भट्ट ने हरदा को खुली चुनौती देते हुए कहा है कि अगर उनके पास सबूत है तो उन मंत्रियों के खिलाफ मामला दर्ज कराएं। सबूत होने के बाद भी अगर वे मुकदमा दर्ज नहीं कराते हैं तो वे खुद ही दोषी माने जाएंगे।
उनपर भी होगा मुकदमा
गौरतलब है कि पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने भाजपा सरकार के मंत्रियों पर भूमाफिया और खनन माफिया से मिलीभगत का आरोप लगाया था। हल्द्वानी में पत्रकारों से बातचीत करते हुए अजय भट्ट ने हरीश रावत के आरोपों पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि उनकी सरकार ने राज्य की आर्थिक हालत इतनी खराब कर रखी है कि इस सरकार के लिए कुछ छोड़ा ही नहीं है। अब वे मंत्रियों पर मिलीभगत का आरोप लगा रहे हैं। भट्ट ने कहा कि अगर उनके पास कोई सबूत है तो वे मुकदमा क्यों नहीं दर्ज कराते। अगर बिना सबूत के वे सिर्फ आरोप लगाते हैं तो वे खुद दोषी हैं उनपर भी मुकदमा किया जा सकता है। भाजपा सरकार अब खराब अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में लगी हुई है।
ये भी पढ़ें - विशिष्ट बीटीसी शिक्षकों का प्रदर्शन जारी, मुख्यमंत्री से हस्तक्षेप का अनुरोध