देहरादून। उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने हर स्तर पर अपने हुनर का जलवा दिखाया है। चंडीगढ़ में चले प्रथम राष्ट्रीय मास्टर्स गेम्स प्रतियोगिता में भी प्रदेश के खिलाड़ियों ने अपना दबदबा बरकरार रखा है। प्रतियोगिता में उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने 14 स्वर्ण पदक के साथ कुल 37 पदकों पर अपना कब्जा जमाया है। प्रदेश के खिलाड़ी दीपक नेगी ने अपने खेल लंबी कूद और ट्रिपल जंप में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीता। वहीं 35 साल से ज्यादा उम्र वर्ग में भी प्रदेश के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया और उमा रौथान ने 5 हजार मीटर पैदल वाॅक और 100 मीटर बाधा दौड़ में रजत पदक जीता है। बता दें कि मास्टर्स गेम्स फेडरेशन की तरफ से इस प्रतियोगिता का आयोजन किया गया है।
ये भी पढ़ें - उत्तराखंड बाल संरक्षण आयोग के हस्तक्षेप के बाद फेल बच्चों को किया गया पास, अगली कक्षा में भेज...
गौरतलब है कि 5 हजार मीटर वॉक में सोमू पंत ने स्वर्ण, 200 मीटर दौड़ में रजत और 1500 मीटर दौड़ में कांस्य जीता है। 100 मीटर बाधा दौड़ में कामिनी धीमान ने स्वर्ण, नरगिस इरफान ने डिस्कस थ्रो और ट्रिपल जंप में रजत और लंबी कूद में कांस्य, मृदुला ने 100 मीटर और 200 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक और 400 मीटर बाधा दौड़ में रजत पदक हासिल किया।
वहीं 40 से अधिक आयु वर्ग में रीनू शर्मा ने 100 मीटर बाधा दौड़ में रजत और 400 मीटर दौड़ में कांस्य, दीपक नेगी ने लंबी कूद और ट्रिपल जंप में स्वर्ण और हाई जंप में रजत जीता। 45 से अधिक आयु वर्ग में 5000 मीटर वॉक में कुसुम चैधरी ने कांस्य, संतोष राय ने लंबी कूद और 100 मीटर बाधा दौड़ में स्वर्ण के साथ 100 मीटर दौड़ में रजत जीता।