देहरादून। उत्तराखंड में थराली विधानसभा उपचुनाव के प्रचार के लिए जा रहे भाजपा नेताओं के हेलीकाॅप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई है। सभी नेता सुरक्षित बताए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि हेलीकाॅप्टर में पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज, समाज कल्याण मंत्री यशपाल आर्य, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट और उत्तराखंड के प्रभारी श्याम जाजू सवार थे। ओवरलोडिंग की वजह से इस हेलीकाॅप्टर की गोचर हवाई अड्डे पर आपात लैंडिंग करानी पड़ी और बाद में दो शिफ्टों में थराली पहुंचाया गया।
ये भी पढ़ें - प्रदेश के 10वीं और 12वीं बोर्ड की परीक्षा दे चुके लाखों परीक्षार्थियों का इंतजार जल्द होगा खत...
गौरतलब है कि थराली विधानसभा उपचुनाव के लिए घाट क्षेत्र में जनसभा और प्रचार के लिए प्राइवेट हेलीकॉप्टर से कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, यशपाल आर्य, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट और श्याम जाजू घाट (चमोली) आ रहे थे। हेलीकॉप्टर अचानक आपात्कालीन स्थिति में गौचर हवाई पट्टी पर सुबह 10 बजकर 50 मिनट पर उतरा। इमरजेंसी लैंडिंग का कारण हेलीकॉप्टर में अधिक भार बताया गया।
यहां बता दें कि इमरजेंसी लैंडिंग के कारण नेताओं को उतरना पड़ा। बाद में दो शिफ्ट में इन नेताओं को इसी हेलीकाॅप्टर से घाट पहुंचाया गया। ये नेता भाजपा प्रत्याशी मुन्नी देवी शाह के समर्थन में चुनाव सभा को सम्बोधित करने पहुंचे।