नैनीताल। हरियाणा भाजपा महिला मोर्चा की उपाध्यक्ष सुनीता लोचप की कार नैनीताल के करीब दुर्घटना का शिकार हो गई। शुक्रवार की दोपहर हुई इस दुर्घटना में सुनीता लोचप के साथ ही 4 अन्य लोग घायल हो गए हैं। इन सभी घायलों को पहले कालाढुंगी के सीएचसी में भर्ती कराया गया जहां प्राथमिक उपचार के बाद सुनीता लोचप को हल्द्वानी के हायर सेंटर में रेफर कर दिया गया। बताया जा रहा है कि हरियाणा प्रदेश भाजपा की उपाघ्यक्ष सुनीता अपनी ही पार्टी के किसी नेता के पिता के श्राद्धकर्म में भाग लेने के बाद वापस लौट रहीं थीं।
गौरतलब है कि भाजपा संगठन के महामंत्री सुरेश भट्ट के पिता के वार्षिक श्राद्ध था जिसमें दूसरे प्रदेश से भी लोग आए थे। हरियाणा के भाजपा महिला मोर्चा की उपाध्यक्ष सुनीता लोचप उम्र 46 पत्नी राकेश कुमार, चरन सिंह उम्र 62 पुत्र रतन सिंह, रजनीश उम्र 30 पुत्र जयपाल तथा सोनिया अग्रवाल उम्र 32 पुत्री राजेन्द्र अग्रवाल निवासी सोनीपत, हरियाणा भी इसी कार्यक्रम में आई थीं। बताया जा रहा है कि ये सभी शाम को नैनीताल चले गए थे और सुबह वहां से लौट रहे थे।
ये भी पढ़ें - ट्रक आॅपरेटर्स की हड़ताल से उत्तराखंड को 100 करोड़ का नुकसान, स्कूली बच्चों को भी परेशानियों का सामना
बता दें कि नैनीताल से चलने के बाद रामनगर के करीब लालमिट्टी मोड़ के पास गाड़ी अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई। गनीमत यह रही कि इस हादसे में किसी की जान नहीं गई और सभी घायलों को कालाढुंगी के सीएचसी में भर्ती कराया गया जहां से सुनीता को हल्द्वानी के हायर सेंटर में रेफर कर दिया। फिलहाल बताया जा रहा है कि सभी घायलों की हालत स्थिर है और डाॅक्टर उनकी निगरानी में लगे हुए हैं।