उत्तरकाशी। उत्तराखंड में हो रही बेमौसम बारिश और बर्फबारी ने भले ही पर्यटकों के चेहरे पर खुशी लेकर आई हो लेकिन आम लोगों की परेशानियां काफी बढ़ गई हैं। देर रात से हो रही बारिश के चलते कई जगहों पर भूस्खलन की खबरें आईं हैं। उत्तरकाशी जिले में भूस्खलन के कारण दिल्ली-यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग एनएच-94 पर डबरकोट के पास भूस्खलन होने से यह राष्ट्रीय राजमार्ग एक बार फिर बन्द हो गया है। जिसकी वजह से दोनों तरफ गाड़ियां फंसी हुई हैं। मलबा सड़क पर आ जाने के चलते यमुनोत्री हाईवे पूरी तरह से बंद हो गया है। सड़क को खोलने और यात्रियों को परेशानी से निजात दिलाने के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग की टीम जुटी हुई है।
ये भी पढ़ें - शिक्षकों की नियुक्ति में निजी स्कूल उड़ा रहे नियमों की धज्जियां, अपात्र लोगों की हो रही भर्ती
यहां बता दें कि बुधवार रात को हुई बारिश के कारण डाबरकोट के पास भूस्खलन हुआ और ओजरी के पास हाईवे बंद हो गया है। गौर करने वाली बात है कि पिछले साल सितंबर में भी डाबरकोट के पास भूस्खलन से हाईवे करीब एक महीने तक बंद रहा था। इस बार भी हाईवे पर भारी मात्रा में मलबा और पत्थर आ गए हैं। अभी तक राष्ट्रीय राजमार्ग को खोला नहीं जा सका है। नेशनल हाईवे अथाॅरिटी के अधिकारियों का कहना है कि टीम हाईवे खोलने में जुटी हुई है। बारिश की वजह से मलबा हटाने के काम में भी दिक्कत हो रही है।