देहरादून/नई दिल्ली। उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री नारायण दत्त तिवारी की हालत बिगड़ गई है। ब्रेन स्ट्रोक के बाद उन्हें दिल्ली के साकेत स्थित मैक्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। पति और पिता की हालत नाजुक देखकर पत्नी उज्जवला शर्मा और पुत्र रोहित शेखर की भी तबियत खराब हो गई। रोहित ने बताया कि दिल्ली स्थित अपने आवास पर नाश्ता करने के दौरान बेहोश होकर गिर पड़े जिसके बाद उन्हें तत्काल उपचार के लिए साकेत के मैक्स अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां जांच के बाद डॉक्टरों ने बताया कि तिवारी को मस्तिष्काघात हुआ है। अस्पताल में न्यूरो और कार्डियक सर्जरी के डॉक्टर उनका उपचार कर रहे हैं। फिलहाल उन्हें आईसीयू में रखा गया है। डॉक्टरों के मुताबिक तिवारी की हालत नाजुक है। उनके शरीर के दाएं हिस्से में पैरालिटिक अटैक भी हुआ। बता दें कि नारायण दत्त तिवारी उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड दोनों राज्यों के मुख्यमंत्री के अलावा केंद्र में कई मंत्रालयों के मंत्री रह चुके हैं। वे आंध्र प्रदेश के राज्यपाल भी रहे हैं। एनडी के बेटे रोहित शेखर ने कहा है कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ ने उन्हें तिवारी के उपचार में हर संभव मदद करने का आश्वासन दिया है।
ये भी पढ़ें -राज्यस्तरीय सीनियर बैडमिंटन चैम्पियनशिप का समापन, दून की कुहू, उन्नति और रोहित बने स्टेट चैम्पियन