अल्मोड़ा। उत्तराखंड के अल्मोड़ा में मंगलवार की सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। यात्रियों से भरी एक बस के अल्मोड़ा के सल्ट तहसील में खाई में गिर जाने से 10 लोगों की मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस की टीम घटनास्थल के लिए रवाना हो गई है। हादसे में घायल हुए लोगों को 108 की मदद से अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों ने बताया कि बस देघाट से रामनगर जा रही थी। इलाके के तहसीलदार प्रताप राम टम्टा के अनुसार बस सुबह 5 बजे रामनगर (नैनीताल) के लिए रवाना हुई थी लेकिन सुबह करीब पौने 9 बजे यह बस खाई में गिर गई। दुर्घटना के बारे में जानकारी मिलने पर मुख्यमंत्री ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है।
ये भी पढ़ें - चमोली में हुए भूस्खलन में दबे 2 मकान, डरे-सहमे ग्रामीणों ने मंदिर में ली शरण
गौरतलब है कि जानकारी के अनुसार बस में 25 से ज्यादा लोग सवार थे। मृतकों की पहचान अभी नहीं हो पाई है और घायलों को रामनगर के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। स्थानीय ग्रामीण राहत और बचाव कार्य में जुट गए हैं और दुर्घटनाग्रस्त बस से लोगों को निकाल रहे हैं। दुर्घटना के बारे में जानकारी मिलने पर मुख्यमंत्री ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है। मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र रावत ने अल्मोड़ा और नैनीताल के जिलाधिकारियों से वार्ता कर राहत एवं बचाव कार्यों की जानकारी ली है और उन्हें सख्त निर्देश दिए हैं कि राहत और बचाव में किसी भी तरह की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सीएम ने कहा है कि घायलों का हर संभव उपचार सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने दुर्घटना हेतु अनुमन्य राहत राशि तत्काल वितरित करने के निर्देश भी दिए हैं।
यहां बता दें कि एक अन्य दुर्घटना में चमोली के घाट-थराली मोटरमार्ग पर एक बोलेरो के दुर्घटनाग्रस्त होने से 3 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। तीनों घायलों को एक सामुदायिक केन्द्र में भर्ती करा दिया गया है जहां उनका इलाज किया जा रहा है।