देहरादून। उत्तराखंड और उत्तरप्रदेश में बनी भाजपा की सरकार के बीच सामंजस्य दिखने लगा है। काफी लंबे समय से दोनों राज्यों के बीच परिसंपत्तियों के बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा था। उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तराखंड को 33 नहरों का स्वामित्त्व सौंप दिया है। इसके लिए मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने उनका शुक्रिया अदा किया है।
योगी की दरियादिली
गौरतलब है कि उत्तराखंड और यूपी के बीच परिसंपत्तियों के बंटवारे का विवाद काफी समय से चल रहा था लेकिन दोनों राज्यों में अलग-अलग पार्टी की सरकार होने के चलते इसका हल नहीं हो पा रहा था। अब दोनों राज्यों में भाजपा की सरकार है। ऐसे में परिसंपत्तियों के बंटवारे के मामले में तेजी आई है। एक फैसले के तहत यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तराखंड को 33 नहरों का मालिकाना हक दे दिया। इसके लिए त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने योगी आदित्यनाथ को धन्यवाद दिया है।
जल्द सुलझेंगे अन्य मामले
त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने कहा कि जल्द ही यूपी सरकार के सहयोग से अन्य लंबित मामलों को भी सुलझा लिया जाएगा। राज्य बनने के बाद पहली बार दोनों राज्यांे के बीच परिसंपत्तियों के बंटवारे की व्यावहारिक शुरुआत हुई है। बाकी के प्रकरणों के लिए दोनों राज्यों के अधिकारियों की बैठक जल्द ही होने की उम्मीद है।