नैनीताल। शहर में कम बारिश की मार इस बार सैलानियों पर पड़ सकती है। स्कूलों के ग्रीष्मवकाश में बच्चों के साथ नैनीताल में बोटिंग और झील के किनारे रौनक का मजा लेने आने वाले सैलानियों को इस बार निराशा हाथ लग सकती है। कारण है इस बार नैनी झील में कम बारिश के कारण तेजी से कम हो रहा जलस्तर। यह केवल सैलानियों के लिए ही चिंता का विषय नहीं है, बल्कि नैनीताल के निवासियों के लिए भी कठिनाई की बात है।
पानी हो रहा कम
नैनी झील में इस बार पानी तेजी से कम हो रहा है। वजह है, कम बारिश। हालात यह हो गए हैं कि झील का पानी बीच की तरफ सिमटने लगा है, जिससे झील किनारे मिट्टी उभर आई है। अब लोग और स्थानीय प्रशासन बारिश की आस कर रहा है, ताकि जलस्तर में सुधार हो।
सामान्य थी बारिश, नहीं पड़ा फर्क
इस बार नैनीताल में बारिश सामान्य ही रही थी। हालांकि बीते दिनों बर्फबारी होने से आस बंधी थी। एक बार शहर में और एक बार ऊंचाई पर बर्फबारी हुई थी, लेकिन बारिश की कमी नहीं पूरी हो सकी। झील का वाटर लेवल कम ही रहा।