देहरादून। देवभूमि के लोगों का सप्ताहांत सुहाना हो सकता है। मौसम विभाग ने देहरादून के साथ अन्य इलाकों में शनिवार से तेज हवाएं और ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की है। तेज हवाएं चलने से पहाड़ी इलाकों के तापमान में गिरावट आएगी वहीं मैदानी इलाकों में भी लोगों को राहत मिलेगी। विभाग ने प्रदेश के पहाड़ी इलाकों में करीब 85 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अंदेशा जताया है।
तापमान में आएगी कमी
गौरतलब है कि बढ़ते पारे ने लोगों की परेशानियां बढ़ा दी थी। ऐसे में मौसम विभाग द्वारा की गई घोषणा से उन्हें राहत मिली है। मौसम विभाग के निदेशक विक्रम सिंह ने बताया कि शनिवार को उत्तराखंड के पर्वतीय जिलों में कुछ जगह 85 किलोमीटर तक की रफ्तार वाली हवाएं चल सकती हैं। इसके साथ ही ओलावृष्टि और तेज बारिश की भी संभावना है।
ये भी पढ़ें - अब केदारनाथ में नहीं होंगे वीआईपी दर्शन, हेली कंपनियों की बढ़ी मुश्किलें
अगले 24 घंटे तक हो सकती है बारिश
आपको बता दें कि राज्य के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में कई दिनों से भारी बारिश हो रही है लेकिन मैदानी क्षेत्र में तापमान ने लोगों को परेशान करके रखा है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले 24 घंटे में तेज हवाओं और बारिश के कारण पूरे राज्य के तापमान में चार डिग्री तक गिरावट की उम्मीद है। तापमान गिरने से मैदानी क्षेत्र में भी शरीर को झुलसा देने वाली गर्मी से निजात मिल जाएगी। विभाग ने दून में भी तेज बारिश का संभावना जताई है। इसके साथ विभाग ने लोगों को सावधानी बरतने के भी निर्देश दिए हैं।