उत्तरकाशी। मौसम के बदले मिजाज के बाद भी प्रदेश के लोगों को राहत नहीं मिल रही है। यमुनोत्री हाईवे पर लगातार हो रहे भूस्खलन के कारण एक बार फिर से इसे आवाजाही के लिए बंद कर दिया गया है। पिथौरागढ़ में पहाड़ी के दरकने से एक मजदूर के दबने से मौत हो गई। मजदूर नेपाल का रहने वाला बताया जा रहा है। बता दें कि यमुनोत्री हाईवे पर करीब 800 से ज्यादा यात्री फंसे हुए हैं। लगातार हो रहे भूस्खलन के कारण सड़क को खोलने का काम शुरू नहीं किया जा सका है। वहीं मौसम विभाग की अगले 24 घंटों में बारिश होने की चेतावनी से उनकी मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। उत्तरकाशी के जिलाधिकारी डॉ. आशीष श्रीवास्तव ने बताया कि यमुनोत्री के प्रमुख पड़ाव बड़कोट और यमुनोत्री धाम के बीच ओजेरी नामक स्थान पर लगातार पहाड़ी दरक रही है। मलबा इतना ज्यादा है कि इससे सड़क का करीब 500 मीटर हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया है। यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर ठहराया गया है। मलबा गिरना बंद होने के बाद ही बीआरओ की टीम रास्ते को खोलने का काम शुरू कर पाएगी।
ये भी पढ़ें - सोशल मीडिया पर किरकिरी के बाद बदले अंदाज में नजर आए शिक्षा मंत्री, निरीक्षण के दौरान शिक्षिका...