नई दिल्ली। फास्ट फूड का स्वाद भला किसे अच्छा नहीं लगता है ऐसे में इसे हर कोई चखना भी चाहता है। कई लोग ऐसे हैं जिन्हंे बर्गर काफी पसंद होता है लेकिन क्या आपने किसी ऐसे शख्स के बारे में सुना है जिसने स्वाद और पसंद के चक्कर में 30 हजार बर्गर खा लिए हों। बता दें कि इतने पर भी उस शख्स का मन नहीं भरा है। आइए जानते हैं ऐसे ही शख्स के बारे में।
गौरतलब है कि अमेरिका के विस्कॉन्सिन के रहने वाले 64 वर्षीय डॉन गोर्स्के साल 1972 से मैकडॉनल्ड्स का बिग मैक बर्गर खाते आ रहे हैं। इस आदत को बरकरार रखते हुए इस महीने उन्होंने अपना 30,000वां मैक बर्गर खाया है लेकिन उनका कहना है कि यह उनके लिए पर्याप्त नहीं है, अभी तो लक्ष्य इससे भी बड़ा है।
यहां बता दें कि गोर्स्के पिछले 46 साल से रोजाना बिग मैक बर्गर खा रहे हैं लेकिन उनका मन अभी तक पूरी तरह इससे भरा नहीं है। रोज खाने के बावजूद उनका मन ऊबा नहीं है। आज भी उन्हें ये उतना ही पसंद है जितना उस समय था जब उन्होंने पहली बार इसे खाया था।
बड़ी बात यह है कि गोर्स्के साल 2016 में 28 हजार 788 बर्गर खाकर गिनीज बुक ऑफ रिकॉर्ड में अपना नाम दर्ज करा चुके हैं। अब उन्होंने अपने ही इस रिकॉर्ड को तोड़कर एक नया रिकॉर्ड बनाया है। गोर्स्के का कहना है कि इतने बर्गर खाने के बाद भी उनकी तबीयत बिल्कुल सामान्य है और उन्हें किसी तरह की कोई समस्या नहीं है।