Friday, April 26, 2024

Breaking News

   एमसीडी में एल्डरमैन की नियुक्ति को चुनौती देने वाली याचिका पर SC 8 मई को करेगा सुनवाई     ||   यूक्रेन से युद्ध में दिसंबर से अब तक रूस के 20000 से ज्यादा लड़ाके मारे गए: अमेरिका     ||   IPL: मैच के बाद भिड़ गए थे गौतम गंभीर और विराट कोहली, लगा 100% मैच फी का जुर्माना     ||   पंजाब में 15 जुलाई तक सरकारी कार्यालयों में सुबह 7:30 बजे से दोपहर दो बजे तक होगा काम     ||   गैंगस्टर टिल्लू की लोहे की रोड और सूए से हत्या, गोगी गैंग के 4 बदमाशों ने किया हमला     ||   सुप्रीम कोर्ट ने 'द केरल स्टोरी' पर बैन लगाने की मांग वाली याचिका पर तुरंत सुनवाई से किया इनकार     ||   नीतीश कटारा हत्याकांड: SC में नियमित पैरोल की मांग करने वाली विशाल यादव की याचिका खारिज     ||   'मैंने सिर्फ इस्तीफा दिया है, बाकी काम करता रहूंगा' नेताओं के मनाने पर बोले शरद पवार     ||   सोनिया गांधी दिल्ली के गंगाराम अस्पताल में भर्ती    ||   कर्नाटक हिजाब केस में SC ने तुरंत सुनवाई से इंकार किया    ||

हैप्पी बर्थडे रणबीर कपूर(Happy Birthday Ranbir) - बॉलीवुड के ''दमदार खानदान'' का प्रतिभाशाली सितारा, फिल्मों से ज्यादा अपने अफेयर के लिए सुर्खियां बटोरी

अंग्वाल न्यूज डेस्क
हैप्पी बर्थडे रणबीर कपूर(Happy Birthday Ranbir) - बॉलीवुड के

 भारतीय सिनेमा को आज इस मुकाम पर पहुंचाने में देश के कई ऐसे घराने रहे हैं, जिनकी पिछली कई पीढ़ियों से इस इंडस्ट्री को अपनी सेवाएं दी हैं । इन्हीं घरानों में से एक है कपूर खानदान, जिसकी शुरुआत पृथ्वीराज कपूर ने की थी और आज के दौर में इस खानदान का चश्मोचिराग है रणबीर कपूर । हिंदी फिल्म इंडस्ट्री के सबसे चॉकलेटी हीरो में शुमार ऋषि कपूर और दिग्गज अभिनेत्री नीतू सिंह के घर 28 सितम्बर 1982 को बेटे ने जन्म लिया । अपने पिता की तरह की आज के दौर के चॉकलेटी हीरों की लिस्ट में रणबीर कपूर का नाम भी शीर्ष पर हैं । 

रणबीर की प्रारंभिक शिक्षा 

रणबीर की शुरुआती शिक्षा मुंबई के बॉम्बे स्कॉटिश स्कूल में हुई , जहाँ वो अपनी शरारतों के लिए बड़े मशहूर रहे। एचआर कॉलेज ऑफ कॉमर्स एंड इकनामिक्‍स से पढ़ाई करने के बाद रणबीर को फिल्‍म मेंकिंग के गुर सीखने के लिए न्यूयॉर्क के ली स्ट्रासबर्ग थिएटर एंड फ़िल्म इंस्टिट्यूट भेजा गया। रणबीर की एक बड़ी बहन हैं रिद्धिमा कपूर साहनी जो फैशन, इंटीरियर डिजाइनिंग और ज्वेलरी डिजाइनिंग से जुड़ी हैं। वो दिल्ली में अपने पति भरत साहनी के साथ रहती है। भरत साहनी गारमेंट एक्सपोर्ट की एक बड़ी कंपनी वियर वेल इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक हैं। रणबीर की भांजी का नाम समारा साहनी है।  

जानें कपूर खानदान को   

रणबीर मुंबई के मशहूर फ़िल्मी परिवार कपूर खानदान से ताल्लुक रखते हैं।  रणबीर के परदादा पृथ्वीराज कपूर थे, जिन्होंने मुंबई के प्रसिद्ध पृथ्वी थिएटर की स्थापना की थी। रणबीर के दादा राजकपूर एक ज़माने में फ़िल्मी दुनिया के शो मैन के नाम से जाने जाते थे। इनके माता पिता भी हिंदी फिल्मों के नामचीन कलाकारों के रूप में प्रसिद्ध रहे है। 

फ़िल्मी सफर की शुरुआत  

रणबीर कपूर के फिल्मी करियर की शुरुआत सिर्फ 17 साल की उम्र में एक सहायक निर्देशक के रूप में हुई , जब उन्होंने अपने पिता ऋषि कपूर को साल 1999 में बनी उनकी एक मात्र निर्देशित फिल्म "आ अब लौट चलें " में असिस्ट किया। ये फिल्म रणबीर के घरेलु बैनर आर के फिल्म्स द्वारा बनायी गयी थी। इसके बाद रणबीर ने दो शार्ट फिल्मे भी बनायीं,फिर उन्होंने मशहूर फिल्म निर्देशक संजय लीला भंसाली के सहायक निर्देशक के रूप में उनकी फिल्म "ब्लैक" में उनके साथ काम किया।  

हीरो के रूप में फ़िल्मी सफर   

रणबीर कपूर के अभिनेता के तौर पर करियर की शुरुआत नवंबर 2007 में हुई , जब संजय लीला भंसाली द्वारा निर्देशित फिल्म "सांवरिया" से, जिसमे उन्होंने अभिनेता अनिल कपूर की बेटी सोनम कपूर के साथ डेब्यू किया। ये फिल्म फ्योदोर दॉस्तोएव्स्की की 1848 शार्ट स्टोरी "व्हाईट नाइट्स" पर आधारित फिल्म थी, हालाँकि ये फिल्म अच्छी बनी थी और इसमें रणबीर के काम की काफी सराहना भी हुयी परन्तु बॉक्स ऑफिस पर एक असफल फिल्मों में गिनी जाती है।  इसके बाद 2008 में यशराज फिल्म्स की "बचना ए हसीनों " आई जो एक औसत बिज़नेस करनेवाली फिल्म साबित हुयी, परन्तु यहाँ भी क्रिटिक्स ने रणबीर के काम की काफी प्रसंशा की।  फिर आया साल 2009 जिसने रणबीर को उस समय के टॉप हीरो के रूप में स्थापित किया जब उनकी तीन फ़िल्में, "वेक अप सिड" "अजब प्रेम की गज़ब कहानी" और "रॉकेट सिंह सेल्समेन ऑफ़ द ईयर" एक पर एक हिट साबित हुयी। 

फिर 2010 में आई प्रकाश झा निर्देशित फिल्म "राजनीति" ने तो मानों रणबीर को हिंदी सिनेमा के शीर्ष अभिनेताओं में शामिल कर दिया। इस फिल्म को देखकर बॉलीवुड फिल्मों के प्रसिद्ध आलोचक सुभाष के झा ने लिखा "वह वास्तव में फिल्म "राजनीति" के रीढ़ हैं। वह अपने किरदार के लिए एक परिष्कृत, स्टील-धार जैसी निर्ममता लाते हैं। निश्चित रूप से उनकी पीढ़ी का कोई दूसरा अभिनेता नहीं है, जो इस किरदार को निभा सकता था।" 

राजनीति के बाद 2011 में आई फिल्म "रॉकस्टार" को भी ज़बरदस्त सफलता मिली,उनके किरदार जनार्दन जाखड़ के डायलॉग्स काफी मशहूर हुए और उनके अभिनय की भरपूर सराहना हुयी। इसके बाद जहाँ इन्होने एक तरफ "बर्फी" "ऐ दिल है मुश्किल" जैसी कई हिट फ़िल्में दी तो दूसरी तरफ "जग्गा जासूस"  "बॉम्बे वेलवेट" जैसी फ्लॉप फिल्मे भी दीं पर उन्हें सफलता या असफलता के बावजूद दर्शकों का प्यार मिलता ही रहा है। अभी कुछ साल पहले 2018 में निर्देशक राजकुमार हिरानी की फिल्म "संजू" जो कि अभिनेता संजय दत्त के जीवन पर आधारित फिल्म है उसे बॉक्स ऑफिस पर अपार सफलता मिली, इस फिल्म में रणबीर कपूर ने अपनी अभिनय प्रतिभा से एक बार फिर से दर्शकों का मन मोह लिया।

रणबीर की आने वाली फिल्मों की अगर हम बात करें तो  वो हैं  "शमशेरा" जिसमे इनके साथ संजय दत्त, वाणी कपूर, त्रिधा चौधरी, रोनित रॉय, आशुतोष राणा,अहाना कुमरा जैसे मंजे हुए कलाकार होंगे।  "ब्रह्मास्त्र" भी जल्दी ही रिलीज़ होनेवाली उनकी अगली फिल्म होगी जिसमे वो अमिताभ बच्चन और अपनी गर्ल फ्रेंड आलिया भट्ट के साथ नज़र आएंगे।  इसके अलावा एक फिल्म उनकी लव रंजन के निर्देशन में शुरू होने वाली है जिसमे उनकी हीरोइन श्रद्धा कपूर हो सकती हैं। इस फिल्म की शूटिंग 2021 में पूरी होगी।   अगर रणबीर कपूर के अब तक के फिल्मी सफर को हम देखें तो ऐसा लगता है मानो वो अपनी हर फिल्म बहुत सोच समझकर चुनते हैं और कोशिश करते हैं कि वो कुछ नया दे पाएं अपने दर्शकों और फैंस को।  यही वजह है कि वो अपने डेब्यू के 12 साल बाद भी दर्शकों के चाहते बने हुए हैं।  

रणबीर एक फिल्म निर्माता के रूप में  

रणबीर ने फिल्म बॉम्बे वेलवेट से एक निर्माता के रूप में डेब्यू किया , उसके बाद उन्होंने अपनी ही फिल्म "जग्गा जासूस" का भी निर्माण किया।  हालाँकि दोनों फिल्मे बुरी तरह पिट गयी और रणबीर को इन फिल्मों की वजह से काफी नुकसान झेलना पड़ा।  

रणबीर द्वारा जीते गए पुरस्कार   

- रणबीर कपूर पुरस्कारों के मामले में भी किसी से पीछे नहीं रहे हैं। उन्होंने अब तक छह फिल्मफेयर पुरस्कार जीते हैं। 

- छह अंतरराष्ट्रीय भारतीय फिल्म अकादमी पुरस्कार

- पांच स्क्रीन अवार्ड पुरस्कार

- 10 स्टारडस्ट पुरस्कार और सात ज़ी सिने अवार्ड्स पुरस्कार प्राप्त किए हैं। 

- फिल्म पुरस्कारों के अलावा, कपूर ने भारत में पीपुल्स मैगज़ीन के "सेक्सिएस्ट मैन अलाइव" और "मोस्ट स्टाइलिश यंग एक्टर" के फ़िल्मफ़ेयर पोल जैसे शीर्ष स्थान हासिल किए हैं। 

- वह लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड्स द्वारा "पीपल ऑफ द ईयर" पुरस्कार प्राप्त करने वालों में से एक हैं। 

   रणबीर के अफेयर्स के चर्चे  

रणबीर कपूर अपनी हिट फिल्मों के लिए तो जाने जाते हैं पर साथ में उनके अफेयर्स का भी बाजार अक्सर गर्म रहता है नीचे हम उनके कुछ अफेयर्स की चर्चा करते हैं:- 

1) रणबीर- अवंतिका मलिक  

ऐसा कहा जाता है फिल्मों में आने से पहले रणबीर कपूर, अवंतिका मलिक ( जिन्होंने बाद में अभिनेता इमरान खान से शादी की) के दीवाने थे। बात 90 के दशक की है जब अवंतिका एक टीवी सीरियल " जस्ट मोहब्बत " में बतौर चाइल्ड आर्टिस्ट काम करती थी, ऐसा सुनने में आता था कि रणबीर उनके प्यार में इतने पागल थे की रोज़ उस टीवी सीरियल के सेट पर अवंतिका से मिलने चले जाते थे। पांच सालों तक एक दुसरे को डेट करने के बाद वे दोनों अलग हो गए।  बाद में अवंतिका ने 2011 में आमिर खान के भांजे और अभिनेता इमरान खान से शादी कर ली।   2) रणबीर- नंदिता मेहतानी  

कुछ अपुष्ट खबरों के मुताबिक रणबीर ने अपने से दस साल बड़ी और अपनी चचेरी बहन करिश्मा कपूर के पूर्व पति संजय कपूर की पहली पत्नी और मशहूर फैशन डिज़ाइनर नंदिता मेहतानी को भी कुछ समय तक डेट किया है। हालाँकि इसके बारे में कभी भी रणबीर ने पब्लिक्ली स्वीकार नहीं किया पर कई बार ऐसी चर्चा सुनने को मिलती रहती थी। नंदिता आजकल अभिनेता और पूर्व मॉडल डीनो मोरिया को डेट करती हैं और उनके साथ एक फैशन लेबल "प्लेग्राउंड" चलाती हैं।  

 3) रणबीर- सोनम कपूर  

ऐसा कहा जाता है कि सोनम कपूर और रणबीर कपूर जब संजय लीला भंसाली की फिल्म "ब्लैक" में बतौर सहायक निर्देशक काम कर रहे थे उसी दौरान दोनों को एक दुसरे से प्यार हो गया, वो प्यार "सांवरिया" के शूटिंग के दौरान भी चलता रहा और दोनों एक दुसरे को डेट करते रहे लेकिन बाद में ये कहानी आगे बढ़ नहीं पायी और रणबीर का दिल कहीं इधर उधर भटकने लगा।  ये रिश्ता टूट गया जिसका मलाल सोनम को  काफी समय तक रहा और उन्होंने अपनी नाराज़गी एक बार करन जौहर के शो  "कॉफ़ी विथ करन" में जाहिर भी की थी।   

4) रणबीर- प्रियंका चोपड़ा  

जब रणबीर और प्रियंका फिल्म ''अनजाना अनजानी'' में साथ काम कर रहे थे तो उन दिनों उन दोनों के प्यार की चर्चाएं ज़ोर शोर से चल रही थी, फिल्म के सेट पर काम करने वाले लोग भी अक्सर ये बताते थे की किस प्रकार प्रियंका रणबीर की दीवानी हैं और रणबीर भी उनके प्यार में डूबे हुए रहते थे लेकिन फिल्म की असफलता ने उनके प्यार को भी असफल कर दिया और बाद में दोनों बस एक अच्छे दोस्त बने रहे और साथ में बर्फी जैसी फिल्म भी की ।

 5) रणबीर और दीपिका पादुकोण  

दीपिका और रणबीर की प्रेम कहानी साल 2008 में शुरू हुयी जब इनके कॉमन मेकअप आर्टिस्ट ने इन दोनों को मिलवाया। 2009 में इन दोनों ने यशराज फिल्म्स की "बचना ऐ हसीनो" में साथ काम करना शुरू किया। इन दोनों की जोड़ी को एक तरफ सिनेमा के परदे पर लोगों ने तो चाहा ही, दूसरी तरफ मीडिया और इनके फैंस ने इनके ऑफ-कैमरा रोमांस को भी काफी पसंद किया। ये अमिताभ-रेखा,धर्मेंद्र-हेमा, शत्रुध्न सिन्हा - रीना रॉय,  संजय दत्त - माधुरी दीक्षित सरीखे बॉलीवुड जोड़ियों की तरह हिंदी फिल्म इंडस्ट्री की मशहूर जोड़ियों में से एक थी।  

दीपिका ने तो रणबीर के नाम टैटू भी बनवा लिया था। इस बीच रणबीर की लाइफ में सलमान खान की पूर्व गर्लफ्रेंड कटरीना कैफ की एंट्री हुई फिल्म "अजब प्रेम की गज़ब कहानी" से और इस लव स्टोरी का अंत होगया। मीडिया रिपोर्ट्स की माने तो दीपिका पादुकोण ने रणबीर को कटरीना के साथ रंगे हाथों पकड़ लिया था। इस घटना ने दीपिका को बिलकुल तोड़ दिया और वो प्यार में धोखा खाये इंसानो की तरह अवसादग्रस्त हो गयी। दीपिका ने कुछ इंटरव्यूज में इसके बारे में खुल कर बात करते हुए अपना गुस्सा भी जाहिर किया था।  हालाँकि बाद में ये दोनों एक दुसरे के साथ एक व्यावसायिक दोस्ती में बने रहे और एक साथ फ़िल्में भी की।   


 

6) रणबीर- कटरीना कैफ  

रणबीर पहली बार कटरीना से 2008 में ही उनके बर्थडे पार्टी में मिले थे जब दीपिका पादुकोण ने इन दोनों को मिलवाया , उसके बाद दोनों ने राजकुमार संतोषी की फिल्म "अजब प्रेम कि गज़ब कहानी" के सेट पर मिले। फिर इन दोनों का छुप छुप के मिलना जुलना शुरू हुआ जो पब्लिक को तब पता चला जब रणबीर और दीपिका के अफेयर का अंत हुआ। रणबीर ने कटरीना के लिए ही दीपिका को छोड़ा और इसकी वजह से उनके सलमान खान के साथ भी रिश्ते ख़राब हो गए। इनके अफेयर के दौरान इन दोनों की स्पेन के इबिज़ा में समंदर के किनारे की बिकिनी फोटोज भी 2013  में वायरल हो गयी , जिससे सारी दुनिया को इनकी प्रेम कहानी का पता चल गया।  

इसके बाद दोनों साथ में मुंबई में अलग फ्लैट में लिव-इन-रिलेशनशिप में साथ ही रहने लगे।  2015 में ये खबर आई की रणबीर कटरीना के साथ शादी करनेवाले हैं, उन्होंने मीडिया इंटरव्यूज इस बात की पुष्टि भी की वो जल्द ही कटरीना के साथ शादी के बंधन में बांध जाएंगे।  पर इन सब खबरों के बीच ये भी खबर आ रही थी की रणबीर की माँ नीतू सिंह कपूर को ये रिश्ता बिलकुल भी मंज़ूर नहीं था।  एक बार नीतू सिंह कपूर ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल से परिवार की फोटो शेयर की लेकिन उस फोटो से उन्होंने कटरीना की तस्वीर को क्रॉप करके हटा दिया।  ये साफ दर्शाता था की नीतूजी कटरीना से नफरत करती हैं और वो कभी भी उसे अपनी बहू के रूप में स्वीकार नहीं कर सकतीं।  जनवरी 2016 में अचानक से ये खबर आई कि रणबीर ने अपने लव नेस्ट जो की कार्टर रोड पर था उसे छोड़ दिया है। 

मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो रणबीर दीपिका पादुकोण साथ में फिल्म "तमाशा" कर रहे थे और अफवाह ये उड़ने लगी कि दोनों में फिर से प्यार होने लगा है। हालाँकि ये सच साबित नहीं हुआ। बाद में कटरीना ने जो इंटरव्यूज दिए उसमे उन्होंने कहीं न कहीं रणबीर को लेकर उनकी खुद की असुरक्षा को ही इस रिश्ते के टूटने के लिए ज़िम्मेदार माना।      

7) रणबीर- नरगिस फाखरी  

ब्रिटिश सुंदरी नरगिस फाखरी और रणबीर कपूर ने साथ में "रॉकस्टार" में काम किया और उसी फिल्म के सेट पर इन दोनों के बीच अफेयर शुरू हुआ।  पर ये रोमांस बहुत दिनों तक चल नहीं पाया और जब रॉकस्टार रिलीज़ हुयी उसके कुछ समय बाद ही दोनों अलग हो गए।  हालाँकि दोनों अभी भी अच्छे दोस्त हैं और अफवाहों की मानें तो कटरीना और रणबीर के ब्रेकअप में कहीं न कहीं नरगिस का भी हाथ रहा है।  

 

 8) रणबीर- अमीषा पटेल 

रणबीर के पुराने रिश्तों की फेहरिस्त में ढलती उम्र में भी बाला की खूबसूरत दिखने वाली इस पुरानी हीरोइन अमीषा पटेल का भी नाम लिया जाता है। कहते हैं कटरीना से रिश्ता टूटने के बाद रणबीर थोड़े दिन इस पेड़ की छाँव में भी सुस्ताये। इन्होने अमीषा को अपने एक प्राइवेट बर्थडे पार्टी में न्योता दिया था ये ख़ास बात इसलिए भी माना गया क्योंकि उस पार्टी में सिर्फ रणबीर के कुछ करीबी दोस्त और परिवार के लोग शामिल हुए थे। इस खबर पर आज भी लोगों को भरोसा नहीं होता और इसे ज़्यादातर लोग अफवाह ही मानते हैं।  

 9) रणबीर-एंजेला जॉनसन  

साल 2011 में साउथ से ये उड़ती उड़ती खबर आई कि कपूर खानदान के चश्मोचिराग़ रणबीर कपूर का दिल किंगफ़िशर कैलेंडर गर्ल एंजेला पर आ गया है। दोनों को चेन्नई में साथ डिनर डेट पर जाते हुए लोगों ने देखा बस फिर क्या था ये खबर फ़ैल गयी की रणबीर को नयी प्रेमिका मिल गयी।  पर ये खबर एक अफवाह निकली।  रणबीर और एंजेला दोनों ने इस खबर का खंडन किया और फिर साथ में नहीं दिखे।     10) रणबीर- श्रुति हसन  

2016 में ये खबर बड़े ज़ोर शोर से चलने लगी कि रणबीर कपूर ने श्रुति हसन को डेट करना शुरू कर दिया है, ये बात उतनी शुरू ही जब दोनों ने एक बड़े ब्रांड के एडवरटाइजिंग फिल्म में साथ साथ दिखे।  इनकी केमिस्ट्री उस फिल्म कमाल की दिखी और लोगों ने ये अफवाह उड़ा दी की हमारे रणबीर राज कपूर कमल हसन के दामाद बनने की तैयारी कर रहे है।  हालाँकि मीडिया में आके श्रुति हसन ने इस बात का ज़ोरदार खंडन किया और साफ़ साफ़ कहा की उनके पास बहुत काम है और इन सब बातों के लिए बिलकुल भी फुर्सत नहीं है।  इस प्रकार ये अफेयर भी चला तो लेकिन जनता के लिए कहीं न कहीं अफवाह ही बना रहा।  

 

 11) रणबीर- माहिरा खान  

कटरीना से रिश्ता टूटने के बाद कई अभिनेत्रियों से रणबीर के नाम जुड़े कभी जैकलीन फर्नांडीज़ तो कभी नूरा फतेही, लेकिन ये खबर ने सबका ध्यान खींचा क्योंकि इस बार हसीना सीमा पार से थी जी हाँ वो हसीना थीं माहिरा खान, जो पाकिस्तान की मशहूर अभिनेत्री हैं और एक तलाक़शुदा महिला हैं। रणबीर और माहिरा को उन दिनों एक साथ स्मोक करते देखा  गया।  इसके बाद एक अवार्ड समारोह में भी उनको साथ में देखा गया जिससे इस खबर को पुष्टि मिली।   

 

12) रणबीर- आलिया भट्ट  

आजकल रणबीर महेश भट्ट की बेटी और इंडस्ट्री की नंबर १ हीरोइन आलिया भट्ट के प्यार में पागल हैं।  आलिया और रणबीर अयान मुख़र्जी की फिल्म ब्रह्मास्त्र में साथ काम भी कर रहे हैं।  आलिया को रणबीर कि माँ नीतू सिंह कपूर भी काफी पसंद करती हैं।  स्वर्गीय ऋषि कपूर भी आलिया और ऱणबीर की जोड़ी को अपनी हरी झंडी दे चुके थे।  दोनों का परिवार भी साथ में एक दूसरे के साथ मिलता जुलता रहता है। जब ऋषि कपूर की मृत्यु हुयी तो आलिया एक परिवार के सदस्य की तरह कपूर परिवार के साथ खड़ी दिखी। ऐसा लगता है रणबीर को अपनी दुल्हनियां मिल चुकी है और जल्दी हीं वो अपने करोडो महिला फैंस का दिल तोड़ने वाले हैं।  खबरों की माने तो रणबीर और आलिया की इस साल दिसंबर में ही शादी होने की सम्भावना थी लेकिन रणबीर के पिता की कैंसर से हुईं मृत्यु के बाद शायद ये शादी इस साल ना हो।  हालाँकि आलिया का समय इस समय ठीक नहीं चल रहा है जब से सुपर स्टार अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की संदेहास्पद स्थिति में मौत हुयी है । तब से आलिया भट्ट अपने पिता महेश भट्ट की वजह से सोशल मीडिया पर फैंस के गुस्से का शिकार हो रही हैं।  

उनकी हाल में ही रिलीज़ फिल्म "सड़क 2" को लोगों ने इसी वजह से एक सिरे से नकार दिया। उम्मीद है रणबीर कपूर से शादी आलिया के जीवन में कुछ खुशियां ले कर आये और फैंस को ये ऑफ स्क्रीन जोड़ी पसंद आये। 

रणबीर कपूर से जुड़े कुछ रोचक तथ्य 

- रणबीर कपूर का नाम उनके दादा राजकपूर के नाम पर रखा गया था, जिनका पूरा नाम रणबीर राज कपूर था।  

- रणबीर अपनी माँ नीतू सिंह कपूर की फिल्मे देखने में शर्माते हैं।  

 

- रणबीर को उनकी ख़ास पसंदीदा भोजन नॉन-वेज है।  

 - ऱणबीर को उनकी माँ रेमंड यानि कम्पलीट मैन बुलाती हैं  

 

- रणबीर ने बचपन में एक बार एक आफ्टर शेव लोशन पी लिया था जिसे फिर पेट से निकाला गया । 

- रणबीर नेसल डिवीएट सेप्टम नाम की बीमारी है जिसकी वजह से वो जल्दी जल्दी बोलते हैं  ।

 -रणबीर अपनी फिल्मों से फीस के अलावा प्रॉफिट का कुछ हिस्सा भी लेते हैं । 

- रणबीर एक अच्छे पेंटर भी हैं  

- रणबीर फिल्मों के अलावा चैरिटी के कार्यों में भी रूचि लेते हैं वो शबाना आज़मी के चैरिटी फाउंडेशन के गुडविल ब्रांड एम्बेसडर भी हैं  

- एक बार एक इंटरव्यू में मीडिया को उन्होंने एक किस्सा बताया कि किस प्रकार अपने स्कूल की इंग्लिश टीचर की टांगों को देखने के लिए वो उनके क्लास में टेबल के नीचे बैठ जाते थे। उनकी इस हरकत की शिकायत के लिए कई बार स्कूल ने उनकी माँ को भी बुलाया पर भी वो बाज नहीं आये।  

- रणबीर के जन्म दिन 28  सितम्बर 2020  को वो 38 साल के हो जाएंगे।  देखना है वो किस प्रकार अपना जन्म दिन इस बार मनाते हैं।  

रणबीर जैसे प्रतिभावान कलाकार से उनके फैंस को ढेर सारी अपेक्षाएं हैं और वो उम्मीद करते हैं कि कपूर खानदान का ये लाडला आगे भी अच्छी फ़िल्में कर के लोगों का मनोरंजन करते रहेंगे। 

Todays Beets: