श्रीनगर । देश के पहाड़ी इलाकों में जारी बर्फबारी एक बार फिर से लोगों के लिए आफत का कारण बन गई है। हिमाचल , जम्मू कश्मीर के साथ उत्तराखंड में हिमपात के बाद जनजीवन काफी प्रभावित हुआ है। इसी क्रम में शुक्रवार सुबह जम्मू कश्मीर के जवाहर टनल के पास एक बार फिर से हिमस्खलन हुआ है। इस हिमस्खलन के बाद वहां बर्फ के पहाड़ का एक बड़ा हिस्सा पुलिस चौकी पर गिर गया है। इस घटना में 10 पुलिसकर्मी बर्फ में दबे हुए बताए जा रहे हैं। घटना की सूचना मिलने के बाद रेस्क्यू टीम घटनास्थल पर पहुंच गई है। बर्फ में दबे पुलिसकर्मी को बर्फ से निकालने का काम शुरू कर दिया गया है। प्रारंभिक सूचना के अऩुसार, अभी दो पुलिसकर्मियों को बर्फ से निकाला गया है, जिनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
बता दें कि पिछले दो-तीन दिनों से एक बार फिर से पहाड़ों पर मौसम ने करवट ली है। कश्मीर के कई हिस्सों में एक बार फिर से बर्फबारी ने लोगों की परेशानियां बढ़ा दी है। इसी क्रम में पिछले दिनों जवाहर टनल के पास हुई भारी बर्फबारी से वहां पहाड़ों पर बर्फ की चोटियां बन गईं थी। शुक्रवार तड़के वहां मौजूद एक पुलिस पोस्ट पर बर्फ के पहाड़ का एक बड़ा हिस्सा गिर गया। इसकी चपेट में पूरी पुलिस पोस्ट गई है, जिसमें 10 पुलिसकर्मियों के बर्फ के नीचे दबे होने की आशंका जताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही एक रेस्क्यू टीम घटनास्थल पर पहुंच गई है। टीम ने अपना सर्च ऑपरेशन चलाना शुरू कर दिया है। इस दौरान खबर है कि 2 पुलिसकर्मी को बर्फ से निकाला गया है, जिसकी हालत खराब बताई जा रही है। बाकि लोगों को निकालने का काम युद्ध स्तर पर किया जा रहा है।