नई दिल्ली । यूपीए की चेयरपर्सन सोनिया गांधी की बेटी और कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की बहन प्रियंका गांधी वाड्रा के आखिरकार सक्रिय राजनीति में आने पर भाजपा ने तंज कसा है। भाजपा का कहना है कि राहुल गांधी के राजनीति में फेल होने पर अब कांग्रेस ने प्रियंका गांधी को मैदान में उतारा है। भाजपा के कई नेतओं ने प्रियंका को कांग्रेस महासचिव बनाए जाने की खबरों के बाद कांग्रेस पर हमलावर अंदाज में कटाक्ष मारने शुरू कर दिए हैं।
भाजपा नेता जीवीएल नरसिम्हाराव ने प्रियंका को पूर्वी यूपी का प्रभारी बनाए जाने पर कहा कि कांग्रेस का ये प्रियंका कार्ड चुनाव से पहले आता है और फेल हो जाता है। ये सिर्फ एक परिवार की राजनीति है ।वहीं भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा का कहना है कि इस फैसले से साफ है कि राहुल गांधी फेल हो गए हैं।
संबित पात्रा ने कहा कि आज ये सिद्ध हो गया है कि कांग्रेस एक परिवार की पार्टी है, उन्होंने स्वीकार किया है कि राहुल गांधी फेल हो गए हैं। उन्होंने कहा कि महागठबंधन से नकारे जाने के बाद बैसाखी परिवार से ही ढूंढी जा रही है। कांग्रेस और गांधी परिवार पर हमलावर अंदाज में पात्रा ने कहा - अब न्यू इंडिया पूछ रहा है जवाहर लाल नेहरू से लेकर अब प्रियंका गांधी तक परिवार से नेता आ रहे हैं, लेकिन आगे कौन होगा।
इसी क्रम में केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने ट्वीट कर कांग्रेसी नेताओं और गांधी परिवार पर तंज कसा। उन्होंने कहा- एक ही परिवार को रोजगार, कांग्रेस का नहीं जनाधार। वह बोले- भैया, दीदी, मम्मी सबने मिलकर डाला डाका ।