नई दिल्ली। देश की 4 लोकसभा और 10 विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव के नतीजे आना शुरू हो गए हैं। शुरुआती रुझानों के अनुसार इन चुनाव नतीजों में भाजपा को झटका लगा है। बता दें कि सभी राजनीतिक पार्टियों की नजर यूपी के कैराना पर लगी हुई है। फिलहाल यहां से राष्ट्रीय लोक दल की उम्मीदवार तबस्सुम हसन भाजपा की मृगांका सिंह से आगे चल रहीं हैं। वहीं बिहार के जोकीहाट सीट पर जदयू के उम्मीदवार अपनी बढ़त बनाए हुए हैं। महाराष्ट्र के पालघर में भाजपा के उम्मीदवार आगे हैं। यहां बता दें कि विपक्षी पार्टियां भाजपा को हराकर 2019 के लोकसभा चुनाव के लिए एक बड़ा संदेश देना चाहती हैं।
जिन लोकसभा सीटों पर उपचुनाव के नतीजे आने हैं, उनमें यूपी की कैराना, महाराष्ट्र की भंडारा-गोंदिया और पालघर और नगालैंड की एक लोकसभा सीट शामिल है। यहां गौर करने वाली बात है कि मुजफ्फरनगर दंगे के बाद कैराना के मुस्लिम और जाट वोटों के बिखराव से भी जोड़कर देखा जा रहा है। इस सीट को भाजपा की प्रतिष्ठा से भी जोड़कर देखा जा रहा है। यही वजह है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लोकसभा क्षेत्र में चुनावी जनसभाएं कीं थी।
ये भी पढ़ें - हंदवाड़ा में आतंकियों ने गश्ती दल पर किया हमला, सेना ने 2 आतंकियों को किया ढेर
खूब चला जोड़ तोड़ का प्रयास
वैसे तो चुनावी मैदान में कुल 12 प्रत्याशी उतरे थे, लेकिन जैसे जैसे मतदान नजदीक आया, तो जोड़तोड़ का खेल प्रारंभ हो गया था। एक तरफ राकेश सैनी और प्रीति कश्यप ने भाजपा का समर्थन कर दिया था, तो लोकदल प्रत्याशी कंवर हसन ने रालोद उपाध्यक्ष जयंत चैधरी से मुलाकात होने के बाद रालोद प्रत्याशी को समर्थन दे दिया था।