रांची। झारखंड में नक्सलियों ने एक बार फिर से सुरक्षाबलों को पर हमला बोल दिया। देर शाम गढ़वा जिले में नक्सलियों ने जगुकार फोर्स को निशाना बनाते हुए बारूदी सुरंग के जरिए विस्फोट कर दिया जिसमें फोर्स के 6 जवान शहीद हो गए और 5 से ज्यादा घायल हो गए हैं। झारखंड पुलिस से मिली खबरों के अनुसार जगुआर फोर्स के 112 बटालियन के जवान अभियान पर निकले थे। जब वह देर शाम बूढ़ापहाड़ से उतर रहे थे, तभी नक्सलियों ने आईडी के जरिए ब्लास्ट कर दिया।
गौरतलब है कि बारूदी सुरंग में विस्फोट करने के बाद नक्सलियों ने जवानों पर अंधाधुंध फायरिंग भी की जिसमें 6 जवान शहीद हो गए। हालांकि जवानों ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए फायरिंग की। खबरों के अनुसार देर रात तक दोनों ओर से गोलीबारी जारी थी। सुरक्षा के मद्देनजर अतिरिक्त सुरक्षा बल मौके पर भेजे गए हैं। बता दें कि झारखंड जगुआर फोर्स राज्य पुलिस का विशेष सुरक्षा बल है।
ये भी पढ़ें - सस्ते तेल का इंतजार खत्म, पेट्रोलियम मंत्री ने दिया बड़ा बयान, कांग्रेस को बताया महंगे तेल का कारण
यहां गौर करने वाली बात है कि इससे पहले छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले में 3 लाख रुपये की इनामी महिला नक्सली ने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया है। कोंडागांव जिले के पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बयानार एलओएस की सदस्य बिसन्ती नेताम उर्फ जानो (25) ने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नक्सली बिसन्ती ने राज्य शासन के पुनर्वास और आत्मसमर्पण नीति से प्रभावित होकर यह कदम उठाया है। कोंडागांव जिले में इस महीने की 23 तारीख को नक्सली डिप्टी कमांडर ने भी आत्मसमर्पण किया था। उसपर भी 3 लाख रुपये का इनाम घोषित था।