लखनऊ। यूपी में महिलाओं पर बढ़ते अत्याचार को लेकर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा का दावा करने वाली भाजपा सरकार में उनकी स्थिति और भी खराब होती जा रही है। उन्होंने कहा कि अगर राज्य में एक बार फिर से उनकी सरकार बनेगी तो सभी वर्गों की महिलाओं की पेंशन को 2000 रुपये कर दिया जाएगा। राज्य की कानून व्यवस्था को लेकर भी अखिलेश यादव ने योगी सरकार पर जमकर हमला बोला।
गौरतलब है कि लखनऊ में महिलाओं की समस्याओं को सुनने के दौरान अखिलेश यादव ने यह बातें कहीं हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा के शासनकाल में महिलाओं पर अत्याचार की घटनाएं हर रोज बढ़ती जा रही हैं। सरकार का रवैया महिलाओं के प्रति उपेक्षापूर्ण रहा है। अखिलेश यादव ने शिक्षामित्रों के साथ किए जा रहे व्यवहार पर भी सरकार को आड़े हाथों लिया है।
ये भी पढ़ें - तमिलनाडु हैलीकाॅप्टर विवाद, डीएमके नेता ने रक्षामंत्री का मांगा इस्तीफा
यहां बता दें कि अखिलेश यादव ने कहा कि उनकी पार्टी से शिक्षामित्रों को शिक्षक बनाया लेकिन भाजपा सरकार ने उनकी हालत भी खराब कर रखी है। अखिलेश ने कहा कि उनकी पार्टी शिक्षामित्रों की हर मांगों पर उनके साथ है। बता दें कि शिक्षामित्रों ने अपनी अनदेखी होने की वजह से बुधवार को सिर मुंडवाकर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया था।