भोपाल। मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले नेताओं के आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है। शनिवार को भोपाल में पत्रकारों से बात करते हुए भाजपा नेता अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस अध्यक्ष पर हमला करते हुए कहा कि वे धार्मिक प्रवृत्ति का ढोंगकर लोगों को धोखा दे रहे हैं। अनुराग ठाकुर ने आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस पहले भाजपा के लिए हिंदू आतंकवाद और भगवा आतंकवाद जैसे शब्दों का इस्तेमाल करती थी लेकिन अब खुद ही उसके अध्यक्ष जनेऊ दिखाकर खुद को हिंदू बता रहे हैं।
गौरतलब है कि मध्यप्रदेश में इसी महीने वोट डाले जाने हैं। इससे पहले मुख्यमंत्री शिवराज सिंह के साले संजय सिंह के कांग्रेस में शामिल होने से पार्टी को एक बड़ा झटका लगा है। भोपाल पहुंचे अनुराग ठाकुर ने जमकर कांग्रेस पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि उनके नेता महज हिंदू होने का ढोंगकर लोगों को धोखा देने में लगे हुए हैं।
ये भी पढ़ें - राम जन्मभूमि न्यास के अध्यक्ष का मंदिर पर बड़ा बयान, कहा-दिसंबर से शुरू हो जाएगा निर्माण
बता दें कि हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर से भाजपा के सांसद ने दिग्विजय सिंह और ज्योतिरादित्य सिंधिया के बीच तनातनी पर तंज करते हुए कहा कि कांग्रेस के अंदर सबकुछ ठीक नहीं चल रहा है। ऐसे में कांग्रेस अध्यक्ष अब हिंदू कार्ड खेलने की कोशिश कर रहे हैं। भाजपा पर हिंदू आतंकवाद और भगवा आतंकवाद का आरोप लगाने वाली कांग्रेस अब खुद ही मंदिर के चक्कर लगा रही है। अनुराग ठाकुर ने कहा कि इससे एक बात तो साफ हो गई है कि जो हिंदुओं की बात करेगा वही भारत में राज करेगा।